इटावा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के चौगुर्जी स्थित सिंडीकेट बैंक के पास शुक्रवार सुबह ई-रिक्शा चालक बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
आरोप है कि बदमाशों ने चालक को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद ई-रिक्शा, मोबाइल व पांच हजार रुपये लूटकर उसे सड़क पर फेंककर भाग गए।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के टीबी अस्पताल के पीछे स्थित कांशीराम कालोनी के रहने वाला संजू ई-रिक्शा चालक है। उसकी मां उर्मिला देवी ने बताया कि बेटा संजू किराये पर ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण पोषण करता है।
गुरुवार सुबह करीब आठ बजे वह घर से नौरंगाबाद स्थित मंदिर के पास रहने वाले अपने मालिक का ई-रिक्शा लेकर चलाने गया था। गुरुवार रात को वह घर नहीं लौटा और न ही अपने मालिक का रिक्शा लौटाने गया।
शुक्रवार सुबह संजू चौगुर्जी के कचहरी रोड पर स्थित सिंडीकेट बैंक के पास बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया और पहचान कर जानकारी परिजनों को दी। महिला ने घटना के संबंध में थाने में तहरीर दी। थाना प्रभारी जीवाराम यादव ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।