ताखा। ऊसराहार थाना क्षेत्र के रमपुरा पचार गांव में सोमवार रात दिव्यांग सफाई कर्मी की छत से गिर कर मौत हो गई। वह छत पर बने शौचालय में शौच करने के लिए जा रहा था।
इस दौरान पैर फिसलने से हादसा हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी पहुंच गए।
रमपुरा गांव निवासी रामचंद्र (35) सोमवार रात छत पर बने शौचालय में शौच के लिए जा रहा था। छत पर रेलिंग नहीं थी, ऐसे में अचानक उसका पैर फिसल गया और वह घर के पीछे खाली प्लाट में जा गिरा।
वह काफी देर तक वापस नहीं आया, तो पत्नी सोनी देवी उसे देखने छत पर पहुंची, तो उसने खाली प्लाट में रामचंद्र को पड़ा देखा। यह देख पत्नी चीखी, तो उसकी चीख सुनकर परिजन बाहर निकल आए।
इसके बाद गंभीर हालत में उसे लेकर सैफई पीजीआई पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक रामचंद्र औरैया जिले के एरवाकटरा ब्लॉक की हमीरपुर ग्राम पंचायत में सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात था।
थानाध्यक्ष ऊसराहार गंगादास गौतम ने बताया कि मृतक के परिजनों का कहना है पैर फिसलने से हादसा हुआ है। फिलहाल शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।
रोते बिलखते परिजन- फोटो : ETAWAH