इटावा। थाना बकेवर क्षेत्र के गांव गौतमपुर में बीमारी से परेशान एक महिला ने सोमवार की रात को नहर में कू दकर जान दे दी। परिजनों को शव गांव से करीब एक किलोमीटर दूर हविलिया गांव के पास से बरामद हुआ है।
क्षेत्र के गौतमपुरा निवासी कंबोद सिंह पाल की 70 वर्षीया पत्नी कैलाशी देवी काफी समय से बीमार थीं। वे सांस के रोग से पीड़ित थीं। मंगलवार की सुबह करीब तीन बजे वे घर के पास ही स्थित नहर पुल के पास आईं और साड़ी को पुल के किनारे रखकर नहर में कूद गईं। परिवार के लोगों ने उन्हें न पाकर खोजबीन की। पुल पर वृद्धा की साड़ी मिली तो नहर में गिरने की आशंका पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। खोजबीन के दौरान महिला का शव गांव से करीब एक किलोमीटर दूर हविलिया गांव के सामने से बरामद हुआ। वृद्धा के पति का कहना है कि वह सांस के रोग से पीड़ित थी।
प्रधान राजेश पाल ने बताया कि ताई का इलाज चल रहा था। घर में किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं थी। वृद्ध के तीन पुत्र व एक पुत्री हैं। इनकी शादी भी हो चुकी है। बड़ा पुत्र राम नरेश एयरफोर्स में है। दो पुत्र घर पर रहकर खेतीबाड़ी करते हैं। पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।