इटावा। कोरोना वायरस को लेकर रविवार को कोई नया मामला सामने नहीं आया। लेकिन, रविवार को जनता कर्फ्यू के दौरान एक विदेशी नागरिक को शहर में नौरंगाबाद के पास साइकिलिंग करते देखा तो पुलिस को सूचना दी। राहत की बात यह है कि यह विदेशी नागरिक पूरी तरह से स्वस्थ्य बताया गया।
सीएमओ डॉ.एनएस तोमर ने बताया कि हंगरी(यूरोप) से आया विक्टर नाम का 27 वर्षीय युवक साइकिल से यात्रा कर रहा है। पाकिस्तान होते हुए भारत आया है। पूरी तरह से स्वस्थ्य है। पुलिस कर्मियों ने उसे हाईवे का रास्ता बता दिया है। किस ओर गया पता नहीं चला, लेकिन कोरोना वायरस संदिग्ध नहीं है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार की देर शाम अशोक नगर में एक कोरोना संदिग्ध महिला का पता चलने पर उसे घर में ही आइसोलेट कर दिया है। साथ ही घर के बाहर घर के बाहर पोस्टर आम लोगों को सावधान किया है कोई भी उसके घर न जाए। महिला के बारे में बताया गया कि अशोक नगर निवासी अपना इलाज कराने के लिए भीलवाड़ा (राजस्थान) गई थी। शुक्रवार को लौटने के बाद उसके बारे में पता चला। महिला को फिलहाल घर में ही आइसोलेट करके उसकी निगरानी की जा रही है।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एसएस भदौरिया ने बताया कि आइसोलेशन वार्ड में दो संदिग्धों का सैंपल शुक्रवार की शाम 4 बजे केजीएमसी लखनऊ के लिए भिजवा दिया गया है। इनमें जयपुर से लौटी महिला एवं ट्रेन यात्री का सैंपल शामिल है। रिपोर्ट सोमवार की रात तक आने की उम्मीद है। बताया मत्स्य कालेज में बनाए गए क्वारंटीन वार्ड में दो बेड और बढ़ा दिए गए हैं। अब यहां छह बेड हो गए हैं।