इटावा। बाइक में टक्कर मारने का विरोध करने पर सीओ चकरनगर की 15 जून को एक छात्र से विशाल मेगा मार्ट के पास कहासुनी हो गई थी। छात्र का आरोप था कि सीओ ने उस पर पिस्टल तान दी।
इसके बाद निजी कार से फ्रेंड्स कालोनी थाने लेकर गए। जहां हवालात में रस्सी से बांधकर उसे डंडों से पीटा था। इस मामले की जांच एसपी ग्रामीण ने करके रिपोर्ट एसएसपी को दी थी। जिस पर एसएसपी ने मंगलवार को सीओ चकरनगर को मुख्यालय से संबद्ध करने के साथ ही आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया।
मोतीझील कालोनी निवासी विमल बीएससी तृतीय वर्ष का छात्र है। उसने बताया कि 15 जून की शाम करीब साढ़े पांच बजे वह पचावली चौराहे के पास कोचिंग पढ़ने गया था।
वह कोचिंग के शिक्षक कमलेश के कहने पर उनके लिए पनीर लेने बाइक से भरथना चौराहे जा रहा था। आरोप है कि विशाल मेगा मार्ट के पास पीछे से सीओ चकरनगर की निजी कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
जिससे वह अनियंत्रित होकर गिर गया। टक्कर मारने का विरोध करने पर सीओ व उनके साथ मौजूद तीन पुलिस कर्मियों ने उसे पीटा। सीओ ने कनपटी में पिस्टल लगा दी।
यह देख राहगीरों ने मदद का प्रयास किया तो सीओ ने पिस्टल दिखाते हुए लोगों को धमकाया और छात्र को कार में बैठाकर फ्रेंड्स कॉलोनी थाने के हवालात में बंद कर दिया।
जहां सीओ समेत थाने में मौजूद पुलिस कर्मियों ने रस्सी से बांधकर उसकी लाठी-डंडों से पिटाई की। जिससे वह बेहोश हो गया। जानकारी पर उसके पिता राधेश्याम थाने पहुंचे।
इसके बाद उन्होंने एसडीएम चकरनगर ज्योत्सना बंधु को पूरे मामले से अवगत कराया। एसडीएम के कहने पर पुलिस ने छात्र को थाने से 15 जून की रात करीब आठ बजे छोड़ा।
इसके बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत एसएसपी से की। एसएसपी डा.बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि एसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह को मामले की जांच दी गई थी।
रिपोर्ट के आधार पर प्रथम दृष्टया सीओ चकरनगर दरवेश कुमार को मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। उनकी जगह क्षेत्राधिकारी भरथना विजय सिंह को चकरनगर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, सिपाही जगपाल को निलंबित किया गया है।