इटावा। ब्लाक प्रमुख चुनाव के नामांकन से पहले भरथना व चकरनगर में भाजपा व सपा प्रत्याशियों व उनके समर्थकों के साथ मारपीट होने के साथ ही गोलियां चलीं।
चकरनगर में स्थिति पर काबू करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। भरथना में गोली लगने से सपा ब्लाक प्रमुख प्रत्याशी के समर्थक बीडीसी का बेटा गोली लगने घायल हो गया।
वहीं, चकरनगर में भाजपा प्रत्याशी के पति का सिर फट गया। महिला प्रत्याशी के साथ भी मारपीट की गई। आरोपियों पर फायरिंग का भी आरोप लगा है। दोनों ही घटनाओं की रिपोर्ट पुलिस ने तहरीर के आधार पर दर्ज किए हैं।
भरथना संवाद के मुताबिक नगला सबल (लहरोई) निवासी महावीर सिंह बीएसएफ में सूबेदार हैं। वर्तमान में वह झारखंड में तैनात हैं। उनका परिवार भरथना के मोहल्ला सती मंदिर में रहता है। उनकी पत्नी रामदेवी लोहरोई से बीडीसी सदस्य हैं।
बृहस्पतिवार की सुबह रामादेवी का बेटा कोमल सिंह ब्लाक प्रमुख पद के भाजपा प्रत्याशी राघवेंद्र के साथ बाइक से भरथना जा रहा था। उसी दौरान भरथना-बिधूना मार्ग पर बहारपुर नहर पुल के पास मल्हौसी के निकट राघवेंद्र किसी काम से उतर गया।
इस बीच वहां घात लगाए खड़े लोगों ने उस पर हमला कर दिया। राघवेंद्र के शोर मचाने पर कोमल वहां पहुंचा और हमलावरों से उसकी मारपीट हो गई। इस पर आरोपियों ने कई राउंड फायरिंग की।
इस बीच-बचाव में एक गोली कोमल के बाएं हाथ में लग गई। इससे वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर गया। उसकी हालत देख हमलावर भाग गए। घायल कोमल को फर्रुखाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शाम को डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उसकी हाथ से गोली भी निकाल दी। फिलहाल वह अस्पताल भर्ती है। इस मामले में ब्लाक प्रमुख पद के भाजपा प्रत्याशी राघवेंद्र सिंह ने प्रतिद्वंदी सपा प्रत्याशी विनोद दोहरे, निर्दलीय प्रत्याशी वीरेंद्र प्रताप दोहरे, मीनू दुबे, रानू को नामजद कराते हुए 6-7 अन्य लोगों के खिलाफ हमला व गोली मारने का आरोप लगाया है।
सीओ विजय सिंह ने बताया कि भाजपा के ब्लाक प्रमुख प्रत्याशी राघवेंद्र सिंह की तहरीर पर सपा प्रत्याशी विनोद दोहरे समेत चार नामजद व सात अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा, हत्या के प्रयास, धमकी, मारपीट व गाली गलौज की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
इधर, चकरनगर ब्लाक में नामांकन के दौरान सपा व भाजपा प्रत्याशियों में मारपीट व हवाई फायरिंग हो गई। इसमें भाजपा की ब्लाक प्रमुख प्रत्याशी राधा देवी के पति राकेश यादव का सिर फट गया। राधा के साथ भी मारपीट की गई।
हमलावरों पर फायरिंग करने का भी आरोप भाजपा प्रत्याशी व उनके पति ने लगाया है। भाजपा प्रत्याशी राधा देवी ने बताया कि वह दोपहर में ब्लाक कार्यालय में नामांकन पत्र दाखिल करके पति राकेश यादव व समर्थकों के साथ वापस घर लौट रही थी।
रास्ते में सपा प्रत्याशी सुनीता देवी के पति शिव किशोर ने परिजनों व समर्थकों के साथ उन्हें रोक लिया। इसके बाद चुनावी खुन्नस में दोनों के साथ मारपीट की। राकेश के मुताबिक उन्हें आरोपियों ने जबरदस्ती कार में बैठाने की कोशिश की।
विरोध करने पर शिव किशोर ने रायफल की बट मारकर उनका सिर फोड़ दिया। किसी तरह उनकी व पत्नी राधा देवी की जान बची। राकेश के मुताबिक आरोपियों ने तीन-चार राउंड हवा में गोलियां भी चलाईं।
उनके समर्थकों के जुटने पर आरोपी असलहे लहराते हुए भाग गए। मौके पर पहुंची भाजपा विधायक सावित्री कठेरिया व पाटी जिलाध्यक्ष अजय धाकरे की एसएसपी ऑफिस में अटैच सीओ दरवेश कुमार व एसडीएम से तकरार और धक्का मुक्की भी हुई।
दोनों नेताओं ने सीओ पर रिवाल्वर व एके-47 तानने का भी आरोप लगाया है। राकेश यादव ने सपा प्रत्याशी के पति शिव किशोर, उनके भाई बृजकिशोर समेत कई लोगों को नामजद व 10-12 अज्ञात के लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। घायल राकेश को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया है।