इटावा। शहर से सटे कोकपुरा गांव के सामने हाईवे पर सोमवार दोपहर दो ट्रक आमने सामने भिड़ गए। जबरदस्त टक्कर होने से दोनों के केबिन टूट गए। ट्रकों के चालक व हेल्पर उसमें फंस गए। पुलिस ने लोगों की मदद से चारों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल एक ट्रक चालक सैफई पीजीआई भेजा गया है। हादसे के बाद एक ट्रक से पेंट फैल जाने पर हाईवे पर कुछ देर के लिए वाहनों की आवाजाही थम गई।
आगरा के थाना डौंकी के पिपरी गांव निवासी घायल ट्रक चालक मनीष कुमार ने बताया कि वह सोमवार को अपने ताऊ के लड़के हेल्पर प्रेमवीर के साथ भोगनीपुर सिकंदरा से ट्रक में मौरंग लादकर आगरा जा रहे थे। हाईवे पर चल रहे सिक्सलेन निर्माण की वजह से एक साइड बंद थी।
एक ही साइड से दोनों ओर के वाहन आ जा रहे थे। जब वह इटावा से होकर गुजर रहे थे। तभी दोपहर करीब डेढ़ बजे एक अन्य ट्रक को ओवरटेक करते वक्त सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई। घटना आईटीआई ओवरब्रिज से पहले कोकपुरा गांव के सामने कृष्णा मार्बल्स के समक्ष हुई।
जिस ट्रक से भिड़ंत हुई। वह आगरा की ओर से कानपुर की तरफ जा रहा था। उसमें पेंट व डिस्टेंपर लदा हुआ था। टक्कर से पेंट सड़क पर फैल गया। दोनों ट्रकों के केबिन क्षतिग्रस्त हो गए। सड़क पर ट्रकों के आड़ा तिरछा होने और पेंट फैल जाने से अन्य वाहनों की आवाजाही थम गई। सड़क पर करीब आधा घंटे तक जाम की स्थिति रही। इक्का दुक्का छोटे वाहन गुजरते रहे।
जानकारी होने आईटीआई चौकी इंचार्ज विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रक में फंसे चालक व हेल्परों को लोगों की मदद से केबिन से बाहर निकाला और जिला अस्पताल भेजा। जहां पंजाब के संगरुर गांव निवासी ट्रक चालक जगवेन्द्र सिंह (48) की हालत गंभीर होने पर सैफई पीजीआई रेफर कर दिया गया। हेल्पर अजीत का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने ट्रकों को क्रेन की मदद से हाईवे से हटवाकर यातायात खुलवाया।