इटावा। सैफई थाना क्षेत्र के कालाभोज चौराहे पर बुधवार शाम को डीसीएम की चपेट में आने से बाइक चालक की मौत हो गई और पीछे बैठा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पीजीआई में भर्ती कराया गया है। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
सेंगरपुर गांव निवासी अरवेश कुमार (26) पुत्र मेहरबान बाइक से बुधवार शाम करीब सात बजे टमरुआ गांव जा रहा थे। बाइक पर पीछे गांव का ही दोस्त प्रदीप कुमार (25) पुत्र नाथूराम बैठा था। कालाभोज चौराहा के पास कर्री की ओर से आ रहे डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए।
डीसीएम दोनों को कुचलते हुए निकल गई। पहिये के नीचे सिर आने से अरवेश की मौके पर ही मौत हो गई। प्रदीप के दोनों पैर पहिये के नीचे आ गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस बुलाकर प्रदीप को पीजीआई सैफई में भर्ती कराया। प्रदीप की हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस ने चालक को डीसीएम के साथ दबोच लिया। थानाध्यक्ष चंद्रदेव यादव ने बताया कि चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मृतक और घायल के परिवार के लोगों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।