इटावा। नवरात्र के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाई जाएगी। इसके लिए खाद्य सुरक्षा विभाग दस दिवसीय विशेष अभियान चलाएगा। 15 अक्तूबर से 24 अक्तूबर तक चलने वाले इस अभियान में खाद्य पदार्थों की जांच होगी। सैंपलिंग कर नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कलामुद्दीन ने बताया कि सभी खाद्य पदार्थ विक्रेताओं को सचेत कर दिया है कि वे अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर सफाई रखें। चेकिंग के दौरान ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार, राजकुमार, मोहर सिंह और शैलेंद्र कुमार ने कस्बा जसवंतनगर और शहर में खाद्य पदार्थों की जांच को अभियान चलाया। इसमें कुशलपाल के यहां से दूध, सचिन गुप्ता के यहां से सिवई और प्रदीप कुमार के यहां से पनीर का नमूना लिया गया। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।