इटावा। राशन डीलर चुनाव के चुनाव में जीत का प्रमाणपत्र न मिलने से नाराज स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा। महिलाओं ने प्रमाण पत्र दिलाने की मांग की है।
उपजिलाधिकारी कार्यालय में मौजूद जैतपुर (लवेदी) की दुर्गा स्वयं सहायता समूह की उमा भारती ने बताया कि बीती 14 सितंबर को गांव में राशन डीलर का चुनाव हुआ था। इसमें एडीओ पंचायत, ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी आदि विभिन्न विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। राशन डीलर के चुनाव में दुर्गा स्वयं सहायता समूह ने ही चुनाव में जीत हासिल की थी। इसके बावजूद भी अब तक समूह को विजयी प्रमाण पत्र नहीं दिया गया। उपजिलाधिकारी नम्रता सिंह को हम सभी ने प्रार्थना पत्र दिया है। समूह की रेखा देवी, पुष्पा देवी, रूबी देवी, सुषमा देवी, राम देवी, सरोज कुमारी, गीता कुमारी, भूूरा देवी, उर्मिला, लक्ष्मी देवी, मीरा देवी, कुसमा देवी, रामदुलारी आदि महिलाओं ने उपजिलाधिकारी नम्रता सिंह को प्रार्थना पत्र सौंपकर विजयी प्रमाण पत्र दिलाए जाने की मांग की। इस दौरान मुन्नी देवी, शांति देवी, सरिता, सोनकली, स्वाती कुमारी, रेनू, नीलेश कुमारी, शशिप्रभा, सुषमा देवी, गीता देवी सहित आधा सैकड़ा से अधिक महिलाएं मौजूद रहीं।