शास्त्री चौराहा पर भी नजर नहीं आए लोग
- फोटो : ETAWHA
इटावा। लॉकडाउन के दूसरे दिन रविवार को शनिवार की अपेक्षा कम लोग निकले। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि ऑटो और रिक्शा नहीं चलने से ट्रेन यात्री परेशान हुए।
रविवार को सुबह से ही तेज गर्मी की वजह से लोग घरों से नहीं निकले। जो लोग खासकर युवा वर्ग वाहनों के साथ सड़कों पर दिखाई पड़े उनसे सुरक्षा कर्मियों ने रोककर निकलने की वजह पूछी। संतुष्ट होने पर ही आगे जाने की इजाजत दी। हालांकि इस दौरान औरंगाबाद चौराहे पर पुलिस की सख्ती और वाहन चेकिंग को देखकर इक्का-दुक्का वाहन सवार भी रास्ता बदलते दिखाई पड़े।
तेज धूप और गर्मी में हाथठेला पर सब्जी और फल बेचने वाले भी काम नजर आए। लॉकडाउन की वजह से वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। इससे ट्रेन से आए यात्रियों को गंतव्य स्थान पहुंचने में समस्याएं आईं।
इधर, इटावा डिपो के स्टेशन अधीक्षक महेश चंद्र ने बताया कि 10 बसें डिपो पर खड़ी है तथा करीब तीन रोडवेज कर्मचारी भी रेलवे स्टेशन पर लगा रखे हैं। शनिवार को भरथना की दो दिव्यांग समेत 30 सवारियों को पहुंचाया गया था। एक स्थान की 25 या 30 सवारी मिलने पर बस भेज रहे हैं। दूसरी ओर से बस खाली ही आती है। रविवार को दोपहर में तीन सवारी उतरीं। इनमें जसवंतनगर, भरथना और पक्का बाग की सवारी ने वाहन बुला लिए और चले गए। शहर की जो सवारियां थीं वे खुद ही चली गईं थीं।