इटावा। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत जनपद के युवाओं को अब उद्योग लगाने के लिए ब्याज की चिंता नहीं करनी होगी। उन्हें केवल मूल राशि का ही पुनर्भुगतान करना होगा। यह बात जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने शुक्रवार को विकास भवन में आयोजित वृहद ऋण वितरण एवं टूलकिट वितरण समारोह में कही।
जिलाधिकारी ने बैंक प्रतिनिधियों को 500 से अधिक लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने और 1700 अतिरिक्त लाभार्थियों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य दिया। उन्होंने लाभार्थियों से ऋण का उपयोग केवल उद्यम स्थापना में करने की अपील की। योजना के तहत स्थानीय कारीगरों को सशक्त बनाने के लिए दो राज मिस्त्रियों को आधुनिक टूलकिट भी भेंट किए गए। कार्यक्रम में गीता को मशरूम उत्पादन इकाई के लिए पांच लाख रुपये और एक अन्य लाभार्थी को मसाला निर्माण इकाई के लिए 4.24 लाख रुपये का ऋण प्रदान किया गया।