जबरन अतिरिक्त काम कराने से गुस्साई आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने सोमवार को शहर के नौरंगाबाद चौकी तिराहे से जलूस निकाला। इसके बाद कचहरी पहुंचकर डीएम कार्यालय के गेट पर जमकर नारेबाजी की। डीएम की अनुपस्थिति में सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देने के बाद प्रशासन के विरोध में नारेबाजी की।
जुलूस निकालकर शहर के चौराहों पर नारेबाजी करते हुए सुबह 11:30 बजे आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां कचहरी पहुंची और डीएम कार्यालय में बाहर बैठकर जमकर नारेबाजी की। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपते हुए उत्पीड़न से निजात दिलाने की मांग की। अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी गुस्सा शांत नहीं हुआ।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां डीएम कार्यालय के बाहर ही धरना देकर बैठ गईं और नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद मौजूद पुलिस कर्मियों के समझाने के बाद वह वहां से हटकर वट वृक्ष के नीचे पहुंची। अंागनबाड़ी कार्यकत्रियों का आरोप है उनका मानसिक उत्पीड़न हो रहा है।
प्रदर्शन में आंगनबाड़ी कार्यकत्री अनीता, स्नेहलता, सुशीला पाल, आराधना, किरन देवी, नीरज वर्मा, रीता मिश्रा, प्रमिला, मीना यादव, आशा श्रीवास्तव, पुष्पा राठौर, निशा यादव, अनन्द, सुनीता सिंह, कस्तूरी, विमला देवी, राम कांति आदि शामिल रहीं।