कस्बे में जाम की समस्या का समाधान करने के लिए प्रमुख मार्गों पर छह जनवरी से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। सरोजनी रोड से लेकर बालूगंज स्थित पानी की टंकी तक नॉन वेंडिंग जोन बनाया जाएगा।
यहां किसी को भी हथठेला और फड़ लगाने की इजाजत नहीं होगी। शनिवार को व्यापारियों संग बैठक कर नगर पालिका प्रशासन ने रूपरेखा बनाई।
उपजिलाधिकारी नम्रता सिंह और चेयरमैन हाकिम सिंह की मौजूदगी में नियमों का निर्धारण किया गया। बैठक में अधिशासी अधिकारी रामआसरे कमल ने बताया कि नगर के प्रमुख मार्गों बालूगंज, जवाहर रोड, मोतीगंज, आजाद रोड, तिलक रोड, सब्जी मंडी, बजाजा लाइन, गल्ला मंडी, हनुमान गली आदि मार्गों पर अतिक्रमण अभियान चलाया जाएगा।
इससे पहले 28 दिसंबर को अतिक्रमित स्थानों पर चिन्हीकरण होगा। साथ ही मुनादी भी कराई जाएगी। सात सदस्यीय समिति का गठन कर अतिक्रमण हटाने की योजना बनाई जाएगी।
बैठक में मौजूद व्यापार मंडल अध्यक्ष विमल पोरवाल बंटी, रज्जन पोरवाल ने भी अपने-अपने विचार रखे। चौकी इंचार्ज राजेंद्र सिंह, सभासद प्रतिनिधि दलवीर सिंह यादव, डॉ. रामस्वरूप यादव, विपिन पोरवाल, सीबू पोरवाल, नरेंद्र कुमार, चेतन स्वरूप पोरवाल ने भी सुझाव रखे।
बैठक में सभासद प्रतिनिधि राजीव तिवारी, निहालुद्दीन, राजू शुक्ला, सुशील पोरवाल, मुनुआ यादव, आदित्य प्रताप भदौरिया आदि मौजूद रहे।