मोहल्ला करनपुरा में रविवार की रात एक पुराने मकान के नीचे की जमीन तेज आवाज के साथ धसक गई। जमीन धसकने से मकान के नीचे करीब 15 फुट चौड़ा व 20 फुट गहरा गड्ढा हो गया। इससे मकान में रहने वाले व आसपास के लोग खौफजदा हैं।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने रात में ही पहुंचकर सुरक्षा की दृष्टि से मकान में रहने वालों व आसपास के लोगों को सतर्क करते हुए घर से बाहर रहने को कहा। इस पर इन परिवारों के लोग रात में घर के बाहर ही रहे। जमीन धसकने की वजह नगरपालिका द्वारा बिछाई गई पेयजल आपूर्ति की पाइप लाइन का लीकेज होना बताया जा रहा है।
उधर, सोमवार को नगर पालिका के जलकल अभियंता ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया।
मोहल्ला करनपुरा स्थित जैन मोहल्ला में ओमप्रकाश जैन, राजेंद्र प्रकाश जैन, चंद्रप्रकाश जैन का पुस्तैनी मकान है। मकान काफी पुराना है।
मकान में ओमप्रकाश जैन पत्नी के साथ रहते हैं। बाकी लोग अलग स्थानों पर अपने मकानों में रहते हैं। रविवार की रात करीब नौ बजे मकान से सटकर निकली गली की ओर से मकान के नीचे की जमीन तेज धमाके के साथ धसक गई।
इस हादसे से घर में मौजूद ओमप्रकाश व उनकी पत्नी के अलावा उनके पड़ोस में रहने वाले धीरेंद्र सिंह चौहान व रमेश बाथम के घरों में मौजूद लोग भयभीत होकर बाहर निकल आए। बाहर आकर देखा तो मकान के नीचे करीब 15 फुट चौड़ा व 20 फुट गहरा गड्ढा हो चुका था।
बताया जा रहा है कि लगभग छह महीने पहले मोहल्ले में नई पाइपलाइन बिछाई गई थी। पाइप लाइन बिछाए जाने के दौरान पुरानी पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसे नगर पालिका के कर्मचारियों ने ठीककर सड़क के अंदर दबा दिया। क्षतिग्रस्त पाइप लाइन पूरी तरह से ठीक नहीं हो सकी थी।
लिहाजा उससे पानी लीकेज होता रहा और नीचे ही नीचे गली से इस मकान के नीचे समाता रहा। रविवार को ही दोपहर में पाइप लाइन के टूटे होने की शिकायत पर नगर पालिका के कर्मी पहुंचे थे और सामान न होने के कारण गड्ढा खुदा छोड़कर चले गए और रात में यह हादसा हो गया।