चौबिया थाना क्षेत्र में चौपुला बंबा के निकट सोमवार को दोपहर तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क के किनारे बाइक लेकर खड़े तीन लोगों को रौंद दिया। इस दुर्घटना में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सैफई मिनी पीजीआई में भर्ती कराया गया।
चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। उधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पुल के निकट इटावा-बरेली राजमार्ग पर जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एसडीएम ने लोगों को समझाबुझाकर जाम खत्म कराया।
इस दौरान तकरीबन दो घंटे तक जाम लगा रहा, जिससे लोगों को आवाजाही में खासी परेशानी हुई। सोमवार की दोपहर मोहनलाल (45) पुत्र राम स्वरूप निवासी नगला हरि अपने साथी पंकज (30) पुत्र दर्शन सिंह निवासी नगला टीला व राजीव कुमार (35) पुत्र नेत्रपाल कठेरिया निवासी मूंज के साथ बाइक से चौपुला गए थे।
चौपुला पुल के निकट पहुंचने पर बाइक रोकर सड़क किनारे मौजूद खोखे से गुटखा खरीदने लगे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। इस दुर्घटना में मोहनलाल की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। पंकज व राजीव गंभीर रूप से घायल हो गए।
चालक ट्रक मौके पर छोड़कर भाग गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए बाद में सैफई रेफर कर दिया गया।
उधर, घटना की सूचना जैसे ही गांव में पहुंची लोग घटना स्थल पर एकत्र हो गए और राजमार्ग पर जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने लोगों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।
सूचना मिलने पर एसडीएम सदर महेंद्र कुमार सिंह व सीओ सैफई मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाबुझाकर जाम खत्म कराया। तब जाकर लगभग दो घंटे बाद आवागमन शुरू हो सका। मृतक मोहनलाल किसानी का कार्य करता है। वहीं घायल राजीव ग्राम मूंज का चौकीदार है।