बकेवर। प्रधानी चुनाव के दौरान फर्जी आईडी बनवाकर धोखाधड़ी करके अपने पक्ष में मतदान कराने के मामले में नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान मड़ौली निर्मल चौहान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोपहर बाद पुलिस ने निर्मल कोे कोर्ट में पेश किया। वहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
बकेवर के कार्यवाहक थाना प्रभारी संजय दुबे ने बताया कि पंचायत चुनाव में मतदान के दिन मड़ौली ग्राम पंचायत के एक मतदान केंद्र पर तीन नाबालिग लड़के मतदान करने गए थे। शक होने पर पीठासीन अधिकारी ने तीनों को पकड़ लिया था। पूछताछ में नाबालिग लड़कों ने निवर्तमान प्रधान के पक्ष में वोट करने के लिए आने की बात कही थी। मामला आला अफसरों के पास पहुंचा तो पुलिस ने जांच की।
तत्कालीन थाना प्रभारी और वर्तमान में कोतवाली सदर प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने जांच में पाया था कि निवर्तमान प्रधान निर्मल चौहान ने अपने पक्ष में मतदान कराने के लिए नाबालिग लड़कों की आईडी बनवाई थी। इस मामले में तत्कालीन चौकी प्रभारी चिंतक कौशिक ने निर्मल चौहान के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज बनवाने व उनका प्रयोग करने व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में लखना के ही एक जनसेवा केंद्र के संचालक को भी आरोपी बनाया गया था। कार्यवाहक थाना प्रभारी संजय दुबे ने बताया कि इस मामले में सोमवार को मड़ौली के निवर्तमान प्रधान निर्मल चौहान को गिरफ्तार किया गया। दोपहर बाद उन्हें कोर्ट में पेश करके जेल भेजा गया है।