- सामान्य दिनों में खपत लगभग 250 से 300 मेगावाट के बीच रहती है जबकि हफ्ते भर में मांग बढ़कर हुई 345
- लोड बढ़ने से हो रहे फॉल्ट, ट्रांसमिशन की ओर आपूर्ति पूरी देने का दावा, धरातल पर दनादन हो रही कटौती
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। गर्मी बढ़ने के साथ ही जिले में बिजली की खपत भी बढ़ गई है। एक सप्ताह के अंदर 27 मेगावाट तक बिजली की मांग अधिक हो गई है। सामान्य दिनों में बिजली की खपत लगभग 250 से 300 मेगावाट के बीच रहती है जबकि हफ्ते भर में मांग बढ़कर 345 मेगावाट हो गई। पूर्ति देने में निगम के पसीने छूट रहे हैं। ट्रांसमिशन की ओर आपूर्ति पूरी देने का दावा भी किया जा रहा है लेकिन लोड बढ़ने की वजह से हो रहे लोकल फॉल्ट लोगों के लिए दुखदायी बने हुए हैं।
एक सप्ताह से पारा 40 डिग्री से ऊपर चल रहा है। भीषण तपिश के बीच दिन के साथ ही रातें भी गर्म हो रही हैं। गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली की मांग भी जिले में बढ़ गई है। लोग तपिश की वजह से परेशान हैं। दिन के साथ ही रात में भी एसी, कूलर चलने से लोड बढ़ गया है। ऐसे में शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक दिनरात फॉल्ट हो रहे हैं। इन्हें सही करने में बिजली विभाग के कर्मचारियों की हालत बिगड़ रही है।
आपूर्ति को व्यवस्थित रखने के लिए ग्रामीण इलाके में अघोषित कटौती करके काम चलाया जा रहा है। शहर के भी 15 फीडर भी मांग की तपिश से झुलस रहे हैं। गुरुवार रात को भी सुंदरपुर, गुरु तेग बहादुर, रामलीला समेत सभी बिजली घरों से जुड़े इलाकों में फॉल्ट हुए। इससे पूरे शहर की रुक-रुक कर करीब तीन से चार घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। वहीं दिन में भी सुंदरपुर, कटरा शमशेर खां, कटरा साहब खां, महेरा चुंगी सभी इलाकों में बिजली की आवाजाही से लोग परेशान रहे।
इस तरह बढ़ी मांग
14 मई - 318
15 मई - 345
16 मई - 325
17 मई - 324
18 मई - 333
19 मई - 331
20 मई - 335
21 मई - 349
दो घंटे में पांच बार गुल हुई बिजली...परेशान रहे लोग
इटावा। दिन भर सूरज की तेज तपन के बाद रात में विद्युत कटौती ने लोगों की नींद में खलल डाला। गुरुवार रात फ्रेंड्स कॉलोनी बिजली घर से जुड़े मंडी क्षेत्र, फ्रेंड्स कॉलोनी, विनीत विहार, जनता कॉलोनी, श्याम नगर समेत करीब छह मोहल्लों में विद्युत आपूर्ति बाधित रही। गुरुवार रात लगभग 11 बजे से लेकर एक बजे तक पांच बार सप्लाई बाधित हुई। उमस भरी गर्मी में आपूर्ति बाधित होने से लोग परेशान रहे। स्मार्ट मीटर और बिल को लेकर विभाग की सख्ती के बाद विद्युत सप्लाई रोकने को लेकर क्षेत्रीय लोगों ने रोष व्यक्त किया। जेई दीपक कुमार कनौजिया ने बताया कि बिजली घर के ट्रांसफार्मर के स्विच गड़बड़ हो जाने की वजह से गुरुवार रात को दिक्कत हुई थी। कुछ ही देर में टीम ने लगकर उसे सही कर लिया था।
फोटो 23::::संदीप।
पहले स्मार्ट मीटर को लेकर परेशान किया गया। ऐसे में जब तापमान अपने चरम पर है, विद्युत विभाग ने रात के समय बिजली कटौती कर फिर लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। गुरुवार को कई बार बिजली जाने से सो नहीं सके।- शशांक, जनता कॉलोनी
फोटो 24:::रवि।
रात के समय कई बार बिजली आने-जाने से बच्चों की नींद में व्यवधान पड़ा। दिन के समय बाहर काम करने वालों को रात को चैन की नींद सोने के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है।- रवि, नई मंडी