लोगों में रमजानुल मुबारक का महीना जल्द ही रुखसत होने का गम है तो ईद के आने की खुशी है। ईद के लिए अब पांच दिन ही बचे हैं इसलिए खरीदारी शबाब पर है।
शहर के मुस्लिम बहुल इलाकों में खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ रही है। बाजार में रविवार होने के बाद भी खरीदारों की इतनी भीड़ रही कि रिक्शा तक को निकलने से दिक्कत हो रही थी। उधर शापिंग मालों में भी खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है।
शहर के उर्दू मोहल्ला, कटरा पुर्दल खां, मेवाती टोला, नया शहर चौराहा, नौरंगाबाद, नई बस्ती, कटरा साहब खां, पचराहा गुदड़ी, छपरेटी, कटरा शमशेर खां, दहाड़ी मोहल्ला, रामगंज, साबितगंज आदि क्षेत्रों में इन दिनों सड़क किनारे रेडीमेड कपड़ों, जूते-चप्पलों, टोपियों, बर्तनों, सजावट के सामानों, दस्तरख्वानों, सेंवइयों की दुकानें लग गई हैं।
शनिवार को दिनभर बारिश की वजह से खरीदार नहीं निकल सके। रविवार को मौसम साफ होते ही बड़ी संख्या में महिलाएं खरीदारी के लिए निकल पड़ीं। उर्दू मोहल्ला की शाहना बानो ने बताया कि घर में बड़े लोगों के तो कपड़े पहले ही खरीद लिए हैं। अब बच्चों के कपड़े और जूते-चप्पल खरीदने के लिए आए हैं।
प्राइमरी स्कूल में टीचर रिजवाना खातून ने बताया कि संडे को छुट्टी की वजह से बच्चों के और अपने कपड़े खरीदने आए हैं। अब ईद के बहुत कम दिन बचे हैं इसलिए मार्केट में भीड़ बढ़ गई है।
चप्पल दुकानदार जावेद अहमद ने बताया कि ईद पर फैंसी चप्पलों की मांग ज्यादा है। आखिरी दिनों में इसी तरह भीड़ रहती है। भीड़ में महिलाओं को चप्पल दिखाने में भी दिक्कत आती है। ईद की वजह से देर रात तक दुकानें खुल रही हैं।