इटावा। निर्यात पर रोक लगने से खुले बाजार में गेहूं का भाव प्रति क्विंटल 100 रुपये तक गिर गया है। अब भाव समर्थन मूल्य से भी 35 रुपये कम हो गया है, इससे सरकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं पहुंचने की उम्मीद बढ़ गई है।
नई मंडी में सोमवार को गेहूं का भाव 2025 रुपये और मंगलवार को 1980 रुपये प्रति क्विंटल रहा। आढ़ती अभी और भाव गिरने की संभावना जता रहे हैं। सरकारी क्रय केंद्रों पर 2015 रुपये प्रति क्विंटल में खरीद की जा रही है। यानी अब खुले बाजार से खरीद केंद्रों पर 35 रुपये भाव अधिक हो गया है।
जिला कृषि विपणन अधिकारी संतोष कुमार पटेल का कहना है कि उम्मीद है कि अब किसान क्रय केंद्रों पर गेहूं बेंचने आएंगे। अभी तक 58 में 12 क्रय केंद्रों पर ही खरीद हुई है। 32 किसानों से 1232 क्विंटल गेहूं बेंचा है। 590 किसानों ने पंजीकरण कराया है। खरीद अभी 15 जून तक होनी है।
भाव घटने से किसान निराश
खुले बाजार में गेहूं का भाव घटने से किसान निराश हैं। मंडी में गेहूं लेकर पहुंचे धर्मपुरा गांव के किसान धर्मेंद्र ने कहा कि निर्यात पर रोक लगने से किसानों को नुकसान होगा। 20 दिन पहले गेहूं का भाव 2080 रुपये प्रति क्विंटल था, आज 100 रुपये कम में बेंचा है। लाखापुर के किसान कुलप सिंह ने बताया कि 11 क्विंटल गेहूं लेकर आढ़त पर आए थे। यहां पता चला भाव 100 रुपये कम हो गया है। निर्यात पर रोक न लगती तो भाव अच्छा मिलता।
मैदा मिलों के संपर्क में आढ़ती
सूत्रों के अनुसार मंडी के कई आढ़तियों में भारी मात्रा में गेहूं खरीद लिया है। अब भाव कम हो गया है। ऐसे में आढ़ती आटा व मैदा मिलों को गेहूं बेचने के लिए प्रयासरत हैं। इसके लिए मिल मालिकों से संपर्क किया जा रहा है।