इटावा। जून के आखिरी दिन बादल जिले पर मेहरबान हो गए। करीब पांच घंटे हुई बूंदाबांदी ने गर्मी से राहत देने के साथ किसानों के चेहरे खिला दिए। बारिश के कारण जिला अस्पताल समेत शहर के कई इलाकों की बिजली गुल रही और शहर में मेहरा चुंगी, श्याम लाल अड्डा समेत कई मुहल्लों में जलभराव हो गया। अधिकतम तापमान में आठ डिग्री सेल्सियस लुढ़ककर 28 डिग्री पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया।
बारिश होने से सबसे ज्यादा राहत किसानों को मिली है। किसानों का कहना है कि खेतों में काफी नमी आ गई है। अब जुताई और बुआई शुरू कर सकते हैं। कुछ किसानों ने तो दोपहर बार जुताई का काम भी शुरू कर दिया। एडीओ कृषि दयाशंकर राठौर ने भी किसानों ने जुताई शुरू करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि कृषि बीज भंडारों पर छूट पर बाजरे का बीज उपलब्ध है। बारिश होने जुलाई के दूसरे सप्ताह से बुआई भी शुरू कर सकते हैं। बुआई करने से खेत की नमी देख लें।
संवाद प्रतिनिधि चकरनगर के अनुसार क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी हुई। बादलों को देखकर किसानों ने गोबर की खाद फैलाने और खेतों के किनारों की सफाई का काम शुरू कर दिया है। किसान रविंद्र सिंह चौहान, रामनाथ, सूबेदार सिंह, गजेन्द्र सिंह, रूप सिंह ने कहा कि पहली बरसात में बाजरा और अरहर की बुआई कर देंगे।
फाल्ट से गुल रही जिला अस्पताल की बिजली
बारिश के कारण आईटीआई चौराहे पर केबिल बॉक्स में फॉल्ट हो गया। इससे दोपहर 12:30 बजे जिला अस्पताल के अलावा आईटीआई चौराहा, शांति कॉलोनी, सिविल लाइंस की बिजली गुल हो गई। इससे एक्सरे, पैथालॉजी लैब व सीटी स्कैन का कार्य बंद रहा। इंवर्टर से सात बजे तक रोशनी की गई। सीएमएस एमएम आर्या का कहना है जनरेटर चलाने के लिए बजट नहीं है। अधिशासी अभियंता प्रथम श्री प्रकाश ने कहाकि कर्मचारी फाल्ट ठीक करने में लगे हैं।
इनसेट
बिजली के खंभे में उतरा करंट
बारिश के दौरान नौरंगाबाद चौराहे के पास बिजली के खंभे में करंट आ गया। करंट की चपेट में आकर एक कुत्ता मर गया। दुकानदारों ने खंभे के आसपास प्लास्टिक की पेटियां रख दीं। सूचना पर विभाग के कर्मचारी पहुंचे।
ताखा क्षेत्र में घर की दीवार गिरी
ताखा। बूंदाबांदी से सुबह करीब छह बजे नगला लछी में राजकुमार कठेरिया के घर की दीवार गिर गई। कमरे में भूसा भरा हुआ था। उद्देतपुर में सड़कों पर जलभराव हो गया। (संवाद)
कोठी कैस्त के मुख्य रास्ते पर जलभराव
जसवंतनगर। मोहल्ला कोठी कैस्त के मुख्य रास्ते पर जलभराव हो गया। पानी में बच्चे खेलते नजर आए। रास्ते पर जलभराव की समस्या लोगों ने 11 जून को विधायक शिवपाल सिंह यादव को भी बताई थी। हरगोविंद, सतेंद्र तिवारी, महावीर पांडेय, पप्पू, आशीष अग्निहोत्री, शिवम, अनूप, श्रीकृष्ण महेरे, अवधेश कुमार ने समस्या से निजात की मांग की है। नगर पालिका ईओ रामेंद्र सिंह ने कहा कि नाला डूडा ने बनाया था, समस्या निस्तारण के प्रयास किए जा रहे हैं।
बारिश में छाता लगाकर जाती महिला अधिवक्ता। संवाद- फोटो : ETAWAH