कृषि यंत्र खरीदने के इच्छुक किसानों के लिए अच्छी खबर है। सरकार सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना के तहत विभिन्न प्रकार के कृषि यंत्रों पर अलग-अलग अनुपात में अनुदान दे रही है। जिले के किसान कृषि यंत्रों में सरकार की छूट का लाभ उठा सकते हैं।
योजना के तहत जिले में इस साल 1400 किसानों को अनुदान का लाभ दिया जाना है। इस लक्ष्य के सापेक्ष करीब 900 किसान लाभ प्राप्त कर चुके हैं। इस योजना का फायदा लेने के लिए किसानों को पंजीकरण कराना अनिवार्य है और यह पंजीकरण कृषि विभाग के जिला व ब्लाक स्तर कार्यालयों पर और विभाग की वेबसाइट पर भी कराया जा सकता है।
इस अनुदान में केंद्र व राज्य का अंश शामिल है। अनुदानित रकम किसान के बैंक खाते में आरटीजीएस के माध्यम से भेज दी जाती है।
जानकारी के मुताबिक मानव चालित कृषि यंत्रों पर कीमत का अधिकतम 50 फीसदी अनुदान दिया जा रहा है। जैसे धान रोपाई की मशीन ड्रम सीडर पर 1500 रुपये, चारा मशीन पर 2500 रुपये, नैपसेक स्प्रेयर पर 600 रुपये की छूट मिल रही है।
इसी तरह शक्तिचालित कृषि यंत्रों में मिट्टी को तैयार करने वाली रोटावेटर मशीन की कीमत कम से कम 80 हजार रुपये है, इस पर 35 हजार रुपये का अनुदान है। सीड ड्रिल पर 15 हजार रुपये, मल्टीक्राप थ्रेसर पर 20 हजार रुपये, लेवलर पर 63 हजार रुपये का अनुदान है।
सिंचाई से जुड़े आइटमों में पाइप पर 300 रुपये प्रति पाइप, डीजल पंप सेट पर 10 हजार रुपये, बैटरी से चलने वाला नैपसेक स्प्रेयर पर 1600 रुपये की छूट है।