जसवंतनगर। हाईवे पर बुधवार शाम अनियंत्रित डीसीएम की टक्कर से ट्राई साइकिल सवार दिव्यांग चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मैनपुरी, थाना करहल क्षेत्र के गांव खरौआ निवासी रामगोपाल (40) बाजार से वापस अपने गांव लौट रहे थे। वह ट्राई साइकिल से नगर में बाजार होते हुए घर जा रहे थे। बताया गया है कि जैसे ही वह जोनई चौकी के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे, तभी पीछे से आ रही अनियंत्रित डीसीएम ने उनकी
ट्राई साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में रामगोपाल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
जोनई चौकी इंचार्ज रविंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। वहीं, एनएचएआई एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी ले जाया गया, यहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे की सूचना परिजनों को दी, इससे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। वहीं, पुलिस ने डीसीएम चालक को हिरासत में ले लिया है।