17 साल बाद रेलवे ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर आगरा-इटावा रेलमार्ग पर यात्री गाड़ी का तोहफा दिया। बटेश्वर में भव्य उद्घाटन कार्यक्रम में रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने हरी झंडी दिखाकर गाड़ी को रवाना किया।
उद्घाटन के बाद बाह बटेश्वर इटावा रेललाइन पर फूलों से लदी आठ बोगी की 71909 डाउन डेमू पैसेंजर ट्रेन ठीक 2 बजकर 40 मिनट पर इटावा उदी रेलवे स्टेशन पर पहुंची। बीहड़ों के रास्ते आई ट्रेन के यात्रियों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद ट्रेन 3:05 बजे इटावा रेलवे स्टेशन के एक नंबर प्लेटफार्म पर पहुंची।
यहां पर बड़ी संख्या में लोग ट्रेन के स्वागत के लिए खड़े थे जिसमें भाजपा नेता व कार्यकर्ता भी शामिल थे। ट्रेन के रुकते ही सबसे पहले सुल्तान सिंह ने ट्रेन के लोको ड्राइवर अमीर चंद्र, सहायक मेहताब सिंह व गार्ड रविकांत शर्मा का स्वागत किया। इसके बाद ट्रेन को यार्ड में खड़ा कर दिया गया। ट्रेन आज शुक्रवार को सुबह 5 बजकर 55 मिनट पर आगरा के लिए रवाना होगी।
भाजपा नेताओं ने मनाई खुशियां
इटावा। डेमू ट्रेन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से जुड़ी होने के कारण बड़ी संख्या में भाजपा नेता कार्यकर्ता पार्टी नेता अशोक दुबे के नेतृत्व में इटावा रेलवे स्टेशन पर पहुंचे और ट्रेन का स्वागत किया। इस दौरान केके राज, कृपा नारायण तिवारी, नवल दुबे, विकास भदौरिया, मोनू चौहान, विवेक भदौरिया, रमाकांत शर्मा आदि मौजूद रहे।
सबने ने की फ्री यात्रा
आगरा-इटावा डेमू पैसेंजर के उद्घाटन के दिन रेलवे ने टिकट की कोई बाध्यता नहीं रखी थी। पहली बार ट्रैक पर दौड़ती डेमू ट्रेन में सवारी का यात्रियों ने पूरा लुत्फ उठाया। बड़े बूढे़ और बच्चे सभी ट्रेन में सवार होकर बीहड़ का नजारा ले रहे थे। उदी स्टेशन पर शुक्रवार सुबह से टिकट काउंटर खोला जाएगा। जहां नियमानुसार टिकट मिलेगा।