इटावा। ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य के दूसरे चरण के चुनाव के लिए आज सैफई व बसरेहर ब्लाक में मतदान होगा। यहां पर ग्राम प्रधान पद के लिए 777 उम्मीदवार मैदान में हैं। दोनों ही ब्लाकों के कुल 02 लाख 992 मतदाता इन उम्मीदवारों के साथ ग्राम पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करने के लिए मंगलवार को मतदान करेंगे। मतदान प्रक्रिया को पूर्ण कराने के लिए एक हजार कर्मचारियों को दोनों ही ब्लाकों में जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मंगलवार को दूसरे चरण के लिए मतदान पूर्ण कराने के लिए सोमवार को पोलिंग पार्टियां रवाना हो गईं। दूसरे चरण में सैफई की कुल 45 ग्राम पंचायतों में से 44 में प्रधान पद के लिए मतदान होगा। जबकि ग्राम पंचायत सैफई से पहले ही दर्शन सिंह र्निविरोध प्रधान चुने जा चुके हैं। यहां कुल 291 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इन उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला क्षेत्र के कुल 83515 मतदाता करेंगे। मतदान के लिए यहां कुल 65 मतदान केंद्र और 133 बूथ बनाए गए हैं जिन पर आज कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान होगा।
वहीं दूसरे चरण में बसरेहर ब्लाक में भी आज मतदान होगा। यहां पर कुल 67 ग्राम पंचायतों में से 65 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के लिए चुनाव होगा जबकि अकबरपुर ग्राम पंचायत से राधाकृष्ण शाक्य निर्विरोध प्रधान चुने जा चुके हैं। यहां चुनाव मैदान में कुल 486 उम्मीदवार हैं जिनके भाग्य का फैसला क्षेत्र के कुल 117477 मतदाता करेंगे। मतदान के लिए ब्लाक में कुल 85 मतदान केंद्र व 176 बूथ बनाए गए हैं जहां पर वोटिंग होगी।
चुनाव ड्यूटी पर नहीं पहुंचने वालों पर एफआईआर के निर्देश
इटावा। सैफई व बसरेहर ब्लाक में मतदान कराने के लिए ब्लाक मुख्यालय से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। इस दौरान चुनाव ड्यूटी पर नहीं पहुंचने वाले अधिकारी व कर्मचारियों के विरुद्घ डीएम नितिन बंसल ने एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। दोनों ब्लाकों में दो दर्जन से अधिक अधिकारी कर्मचारी पोलिंग पार्टी रवाना होने के समय नहीं पहुंचे। ड्यूटी पर न पहुंचने वालों में अवर अभियंता पीडब्लूडी कोमल सिंह, आरईएस कनिष्ठ सहायक कमल प्रकाश, परिचर निबंधक कार्यालय राकेश कुमार, नेत्र परीक्षक सैफई सुरेंद्र सिंह यादव, लेखाकार भूमि संरक्षण जलागम राजकमल चौहान, सहायक अध्यापक अनिल यादव, ध्रुव सिंह, नरेंद्र प्रताप, किशन बाबू, जितेंद्र सिंह, रमेश कुमार, देवेंद्र सोलंकी, प्रधानाध्यापक सुनील कुमार, सुरेश कुमार , पूरन सिंह वर्मा व सहायक अभियंता नवजोत सिंह वर्मा शामिल हैं।