इटावा। मंडलायुक्त कानपुर डॉ. राजशेखर ने मंगलवार को विकास भवन के सभागार में शासकीय योजनाओं की समीक्षा की। कांधनी गोशाला की बाउंड्रीवाल का कार्य 15 दिसंबर तक पूर्ण कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दिसंबर में गोशाला गोवंश के लिए उपलब्ध हो जानी चाहिए। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों का भुगतान शत प्रतिशत कराने और योजना बनाकर गोल्डन कार्ड बनाने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय स्कूल बनाए जाने के लिए भूमि का चयन जल्द करने, समस्त कार्यदायी संस्थाओं में कार्यरत श्रमिकों का पंजीकरण कराने, पराली न जलाने के लिए किसानों को ग्राम स्तरीय कर्मचारियों के माध्यम से जागरूक करने को कहा।
मंडलायुक्त ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतें। विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के अंदर पूरा करें। उन्होने गोल्डन कार्ड वितरण की समीक्षा में पाया कि सभी ग्रामों में गोल्डन कार्ड बनाने का कार्य तो प्रारंभ हैैं, परंतु प्रगति धीमी है। प्रतिदिन एमओआईसी के साथ कार्य पूर्ति की योजना बनाए जाने के निर्देश दिए। जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों का 84 प्रतिशत भुगतान पाये जाने पर असंतोष व्यक्त करते हुए शत प्रतिशत भुगतान के निर्देश दिए।
उन्होंने वृहद गोशाला कांधनी के निर्माण की समीक्षा में पाया कि विद्युत संयोजन का कार्य पूर्ण हो चुका है। बाउंड्रीवाल का निर्माण चल रहा है। उन्होंने गोशाला की बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य 15 दिसंबर तक पूर्ण कराकर गोशाला संरक्षित कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री कृषि सम्मान योजना में सुधार के लिए लंबित 2224 डाटा को इस माह के अंत तक ठीक करा लें।
उन्होंने सड़कों कोे गड्ढामुक्त कराने तथा किसानों को पीलीभीत मॉडल के अनुसार पराली को कम्पोस्ट पिट में डालकर सड़ाए जाने के लिए जागरूक किए जाने के निर्देश दिए। इस मौके पर जिलाधिकारी श्रुति सिंह, संयुक्त विकास आयुक्त कानपुर मंडल कानपुर अभय कुमार शाही, मुख्य विकास अधिकारी राजा गणपति आर, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनएस तोमर, अपर जिलाधिकारी जीपी श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी दीनदयाल, परियोजना निदेशक डीआरडीए उमाकांत त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारीगण व कर्मचारी उपस्थित रहे।
मतदाता सूचियों का प्रकाशन
इटावा। जसवंतनगर, इटावा एवं भरथना(अजा) विधानसभा क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन मंगलवार को समस्त मतदान केंद्रों /पदाभिहित स्थलों पर विधिवत करा दिया गया है। यह जानकारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव ने दी है। (संवाद)