सैफई। वैदपुरा थानाक्षेत्र के रायनगर बिजली फीडर पर तैनात लाइनमैन रविंद्र प्रताप उर्फ रवि (25) की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के वक्त वह फीडर परिसर लगे बॉक्स को खंभे पर चढ़कर ठीक कर रहा था। रवि की मौत से गुस्साएं परिजनों व सहकर्मियों ने फीडर के बाहर शव रखकर हंगामा किया। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी।
जसवंत नगर थानाक्षेत्र के निलोई गांव निवासी तुलाराम मैकू जाटव का बेटा रविंद्र प्रताप उर्फ रवि कई सालों से एक ठेकेदार फर्म की तरफ से लाइनमैन के रूप में रायनगर बिजली फीडर पर काम कर रहा था। कर्मचारियों के मुताबिक मंगलवार दोपहर 2:30 बजे रविंद्र फीडर परिसर में गेट पर लगे खंभे पर चढ़कर बॉक्स ठीक रहा था। उसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया।
उसकी चीख सुनकर परिसर में मौजूद सहकर्मी दौड़कर मौके पर पहुंचे और रविंद्र को करंट से चिपका देख बिजली की लाइन बंद की। उसे खंभे से दूर कर सहकर्मियों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन असफल रहे। सूचना मिलते ही रविंद्र के परिजन व मोहल्ले के लोग रायनगर बिजली फीडर पर पहुंच गए। रविंद्र को मृत देख सभी का गुस्सा फूट पड़ा।
उन लोगों ने उच्चाधिकारियों को बुलाकर जांच कराने व मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। गेट के सामने शव रखकर नारेबाजी की। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे सीओ राकेश वशिष्ठ व थाना प्रभारी वीरेंद्र बहादुर यादव ने आक्रोशित लोगों को समझा कर मामला शांत कराया।
दो महीने पहले हुई थी शादी
लाइनमैन रविंद्र प्रताप की शादी दो महीने पहले मैनपुरी के कडेरा हार गांव की आरती से हुई थी। रवि की मौत की खबर सुनते ही आरती का बुरा हाल है। रोते-रोते वह बेहोश हो गई। पानी छींटा मारकर उसे होश में लाया गया।