जसवंतनगर (इटावा)। कस्बे के रामलीला तिराहे पर मंगलवार सुबह ऑटो में उसके मालिक का शव बरामद मिला है। शरीर पर किसी चोट के निशान नहीं हैं। पुलिस का अनुमान है कि ज्यादा शराब पी लेने से युवक की मौत हुई होगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मंगलवार सुबह करीब पांच बजे रामलीला तिराहे से गुजरते वक्त कुछ लोगों ने पास में मौजूद एक बगिया के सामने खड़े एक ऑटो की पिछली सीट पर किसी युवक को पड़े हुए देखा। लोगाें ने पुलिस को सूचना दे दी। थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार मौके पर पहुंचे और युवक को तत्काल जिला अस्पताल भेजा। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव की शिनाख्त के प्रयास किए। इसी बीच मृतक के परिजनों तक खबर पहुंच गई।
जसवंतनगर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव निवासी रंजीत ने जिला अस्पताल पहुंचकर शव की शिनाख्त प्रतिपाल सिंह उर्फ पीपी (35) पुत्र हाकिम सिंह के रूप में की। पुलिस ने ऑटो को कब्जे में ले लिया। रंजीत ने बताया कि ऑटो उसके भाई का ही है। उनके एक बेटा व बेटी है। खुद ऑटो चलाकर परिवार का पेट पाल रहे थे।
प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों के अनुसार प्रतिपाल सिंह नशे का आदी था। उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। शरीर पर भी कोई चोट के निशान भी नहीं मिले हैं। हो सकता है कि ज्यादा शराब पी लेने से उसकी मृत्यु हो गई हो। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति साफ हो जाएगी।