इटावा। जिले में कोविड टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने को हर घर दस्तक अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत स्वास्थ्य कर्मी सुदूरवर्ती तथा दुर्गम क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों को कोविड टीकाकरण के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
जिला प्रशिक्षण अधिकारी डॉ श्रीनिवास ने बताया कि सभी ब्लॉक के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि बाजार, हाट, सार्वजनिक स्थानों में कोविड वैक्सीनेशन के प्रति जन जागरुकता लाने का काम किया जाए।
साथ ही ऐसी जगह जहां पर बाजार लगते हैं, वैसी जगह पर कोविड- वैक्सीनेशन की पूरी व्यवस्था की जाए। वैक्सीनेशन के प्रति लोगों को प्रेरित करने को समाज के प्रभावी लोग, धार्मिक नेता, सामाजिक कार्यकर्ता, डॉक्टर, जनप्रतिनिधि, खेल जगत की हस्तियां, सेना या ऐसी सेवा से सेवानिवृत्त लोग एनसीसी कैडेट्स, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक आदि की मदद ली जाए।
उन्होंने वैक्सीनेशन को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने में मीडिया से सहयोग की अपील की। कहा कि वैक्सीनेशन करवा चुके लोगों के अनुभव ज्यादा से ज्यादा साझा किए जाएं और जो लोग वैक्सीनेशन के बाद पहले से और बेहतर अनुभव कर रहे, उनके भी अनुभव साझा किए जाएं।
सभी डिग्री कालेजों में 18 वर्ष से अधिक आयु के विद्यार्थियों का भी टीकाकरण करवाने के लिए शिक्षकों द्वारा प्रेरित किया जाए। यदि कोई विद्यालय टीकाकरण केंद्र बनवाना चाहे तो वह संपर्क कर सकते है। बताया कि जनपद के कुछ केंद्र रात दस बजे तक टीकाकरण कर रहे हैं।