इटावा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के आरटीओ कार्यालय के पास स्थित कांशीराम कालोनी के पास में शनिवार को आपसी विवाद के बाद शिकायत करने गई महिलाओं को दबंगों ने लाठी-डंडों से जमकर पीट दिया।
सूचना के बाद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। मारपीट का किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।
पुलिस ने घायल महिलाओं को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। कांशीराम कालोनी निवासी सोनू की पत्नी मुस्कान ने बताया कि वह परिवार के साथ रहती है।
शनिवार की दोपहर को उसकी छोटी बहन सामान लेने के लिए मोहल्ले में खोखे पर गई थी। रास्ते में मोहल्ले के दबंग आरिफ व आशिफ ने उसके साथ मारपीट की। उसकी बहन रोते हुए घर आई और पूरी बात मां बबीता को बताई।
मां शिकायत करने के लिए बहन ज्योति व रोशनी के साथ आरिफ के घर गई तो इसी बात से नाराज होकर आरिफ व आशिफ ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट की।
दबंगों ने सड़क पर ही मां बबीता, बहन ज्योति और रोशनी को लाठी-डंडों और सरियों से जमकर पीटा। मुस्कान का आरोप है कि दबंगों की दहशत के कारण मोहल्ले का कोई व्यक्ति उन्हें बचाने नहीं आया।
उसने पुलिस को भी सूचना दी, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं आई। मारपीट करने के बाद दबंग चले गए। उसके बाद उसने मारपीट में घायल मां व बहनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
इस घटना का किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने पर पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने मुस्कान की तहरीर पर आरिफ व आशिफ सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट व एससी एसटी एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
एसएसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि मारपीट के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।