राजवीर उर्फ राजू की फाइल फोटो।
- फोटो : amar ujala
थाना क्षेत्र के ग्राम आलमपुर में मंगलवार सुबह बबूल के पेड़ से युवक का शव लटका मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। दो दिन पहले युवक की लापता पत्नी का शव नहर मिला था। विवाहिता के मायके वालों ने युवक व उसके घरवालों पर हत्या कर शव को फेंकने का आरोप लगाते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
आलमपुर गांव में रहने वाले चंदन सिंह का बेटा राजवीर उर्फ राजू (35) पिता के साथ खेती-बाड़ी का काम करता था। नौ साल पहले राजवीर की शादी अजीतमल के रीता से हुई थी। दोनों के तीन बच्चे हैं। चार मार्च को रीता अचानक लापता हो गई थी, लेकिन परिवार की ओर से गुमशुदगी नहीं दर्ज कराई गई थी। रविवार को रीता का शव भोगनीपुर निचली नहर में बरामद हुआ। रीता के मायके वालों ने राजवीर समेत उसके घरवालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी थी। मंगलवार को राजवीर का शव खेत में बबूल के पेड़ से लटका मिला। घटनास्थल पर बबूल के पेड़ की पतली सी टहनी में गमछे से बंधे राजवीर के पैर जमीन से छू रहे थे।
शव देखकर मौजूद परिजनों व ग्रामीणों ने हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का अंदेशा जताया है। चचेरे भाई सर्वेश कुमार ने बताया कि भाई राजवीर को गांव निवासी नजदीकी रिश्तेदार द्वारा बीते सोमवार को एक मुकदमे में सुलह समझौते के लिए घर से बुलाया था। सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी बैजनाथ व एसएचओ महेंद्र प्रताप सिह ने बारीकी से पड़ताल की। समाचार लिखे जाने तक राजवीर के परिजनों ने तहरीर नहीं दी थी।
कोतवाल महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस हत्या कर शव पेड़ पर लटकाए जाने के पहलू पर भी जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक टीम की रिपोर्ट के आधार पर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।