जानकारी देता भाई बृजेंद्र शर्मा।
- फोटो : अमर उजाला
घर से नौकरी पर दिल्ली जाने की बात कहकर निकले युवक का शव महेवा के पास बंबा के किनारे पड़ा मिला। युवक के चेहरे पर चोट के निशान थे। पास ही सामान पड़ा था, लेकिन उसकी जेब से रुपये गायब थे। भाई ने युवक की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के गांव अहेरीपुर निवासी संतोष कुमार सिंह राठौर उर्फ धर्मेंद्र (35) पुत्र जगत सिंह गाजियाबाद में प्राइवेट फैक्ट्री में काम करता था। रक्षाबंधन पर घर आया था। परिजनों ने बताया कि धर्मेंद्र शनिवार की शाम करीब 5:30 बजे दिल्ली जाने के लिए घर से निकला था। घर से वह खाने-पीने का सामान भी ले गया था। धर्मेंद्र का बेटा आकाश उसे छोड़ने महेवा तक गया था। पिता को चौराहे पर छोड़कर आकाश घर चला गया। रात करीब दस बजे कस्बा महेवा के लोग बंबा के पास से गुजरे तो उन्हें युवक पड़ा दिखाई दिया। लोगों ने इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि संतोष की मौत हो चुकी थी। परिजन भी मौके पर पहुंचे। भाई बृजेंद्र ने बताया कि उसके भाई के पास जो रुपये थे, गायब मिले। भाई ने आशंका जताई कि किसी ने भाई की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंक दिया। प्रभारी बृजेंद्र कुमार शर्मा एसओ बकेवर ने बताया कि शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।