फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रासलीला के दौरान चलीं ताबड़तोड़ गोलियां, महिला की मौत, नौ घायल

Sat, 16 Jun 2018 12:13 AM IST
अमर उजाला, इटावा
विज्ञापन
गोलियां चलने से पंडाल के पर्दे फट गए। अमर उजाला - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
थाना क्षेत्र के परसौआ गांव में बृहस्पतिवार की रात श्रीकृष्ण रासलीला मंचन के दौरान माइक से दबंग का नाम नीलेश के साथ उपनाम बॉस नहीं बोले जाने पर हुए विवाद में दो गुटों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। घटना में गोली लगने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए हैं। इस बीच भगदड़ से पूरे गांव में अफरातफरी का माहौल हो गया। घायलों को सैफई पीजीआई भेजा गया। दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए किसी के सामने नहीं आने पर पुलिस ने अपनी ओर से पूर्व प्रधान समेत पांच नामजद और 16 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दोनों पक्षों में ग्राम प्रधान पद को लेकर पुरानी रंजिश चल रही है।
विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक परसौआ गांव निवासी अनिल कुमार के घर पर आदर्श गिरिराज कृष्ण प्रेम संस्थान गोवर्धन के बैनर तले श्रीकृष्ण रासलीला का प्रोग्राम चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियाें ने बताया कि रात 11:45 बजे गांव के नीलेश यादव के नाम से पुरस्कार बोला गया। इसमें नीलेश के नाम के साथ बॉस उपनाम लगाने को लेकर नीलेश यादव के समर्थकों और उपदेश उर्फ  लाउआ पुत्र रामप्रकाश के बीच कहासुनी हो गई। लाउआ और उनके पक्ष के लोग नीलेश के नाम के साथ उपनाम बॉस नहीं बोलने पर अड़ गए।

दोनों पक्षों की ओर से बंदूकें तन गईं और फायरिंग होने लगी। ताबड़तोड़ हुई फायरिंग में परसौआ निवासी सुशीला देवी (60) पत्नी रामशंकर कठेरिया की गोली लगने से मौत हो गई। कथा सुना रहे गोवर्धन (मथुरा) निवासी पुरोहित रास बिहारी पुत्र बच्चू लाल शर्मा के भी पीठ में छर्रे लग गए। इसके अलावा रमाकांती (26) पत्नी अनिल कुमार, अखिलेश देवी (40) पत्नी अमरचंद्र सविता, सपना (16) पुत्री मलखान सिंह सविता, रेखा देवी (24) पत्नी राजीव सविता, चरणा देवी (42) पत्नी जयवीर सिंह, अनिल कुमार (33) पुत्र उमाशंकर, सुखवीर सिंह (30) पुत्र रामवकील, उपदेश उर्फ लाउआ पुत्र रामप्रकाश सभी निवासी परसौआ गोली के छर्रे लगने से घायल हो गए।
विज्ञापन


फायरिंग होते ही पंडाल में भगदड़ मच गई। लोग सामान, जूते-चप्पल छोड़कर जान बचाने के लिए भागे। इसी बीच फायरिंग करने वाले भी भाग निकले। पुलिस ने घायलों को पीजीआई सैफ ई में भर्ती कराया। कुछ घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

इस दुस्साहसिक वारदात की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए दोनों पक्षों से किसी के भी सामने नहीं आने पर पुलिस ने खुद मामला दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परसौआ निवासी पूर्व प्रधान संटू यादव, उपदेश उर्फ  लाउआ, मदन सिंह यादव, बृजेश यादव तथा भूरे सिंह पुत्र मदन सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसके अलावा दोनों ओर से 8-8 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। नीलेश यादव का नाम नहीं दर्ज करने पर थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच चल रही है और नाम सामने आएंगे तो उन्हें भी शामिल किया जाएगा। दोनों पक्षों में ग्राम प्रधान पद को लेकर पुरानी रंजिश चल रही है।

एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी का कहना है कि कार्यक्रम संचालक ने दोनों ही पक्षों को आमंत्रित किया था। आमने-सामने आते ही गोलियां चलने लगीं। महिला का शव  पोस्टमार्टम कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें