शराब की दुकान के बाहर बिफरतीं महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
शराबियों से तंग आकर महिलाओं ने बुधवार देर शाम देसी शराब और बीयर के ठेकों पर धावा बोल दिया। आक्रोशित महिलाओं को देख दुकानों के संचालक शटर बंद कर भाग गए। महिलाओं ने वहा पड़े खाली गत्तों में आग लगा दी। पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। एक शराबी को हिरासत में लेने के बाद महिलाओं का गुस्सा शांत हुआ।
बसरेहर थाना क्षेत्र के कटौरी देवी स्कूल के पास बीयर और देसी शराब की दुकानें हैं। बुधवार दोपहर वहां शराबी गाली गलौच कर रहे थे। देखते ही देखते दो शराबी आपस में भिड़ गए। महिलाओं ने बताया कि बस्ती क्षेत्र में शराबियों की ये करतूत अक्सर सिर दर्द बनी रहती है। लेकिन न ही पुलिस और न ही प्रशासन इसे गंभीरता से लेता है। शराबियों के बीच झगड़ा शुरू होने से स्थिति और बिगड़ गई। आरोप है कि इन शराबियों ने महिलाओं से भी अभद्रता की, जिससे उनका गुस्सा भड़क गया। महिलाओं ने शराब के ठेकों पर हमला बोल दिया। इससे पहले कि महिलाएं दुकान के सामान को नुकसान पहुंचातीं, संचालक राम चंद्र निवासी किल्ली रोड और मुकेश कुमार निवासी गींजा सैफई शटर गिराकर भाग गए। सूचना पर बसरेहर, सैफई और चौबिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। महिलाओं को समझाकर शांत कराया। शराबी को पकड़ने के बाद ही महिलाओं का गुस्सा शांत हुआ। इस दौरान महिलाओं ने बस्ती क्षेत्र में इन दुकानों के विरोध में जमकर नारेबाजी की।