फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वोट न देने पर अनुसूचित जाति के लोगों को पीटा

Wed, 29 May 2019 12:07 AM IST
प्रतीक दुबे इटावा, अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
मारपीट की खबर पर उनवा गांव के लोग भी लामबंद हो गए। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
मैनपुरी लोकसभा में गठबंधन प्रत्याशी मुलायम सिंह यादव को वोट न देने पर नगला मांधाता के यादवों ने उनवा गांव के अनुसूचित जाति के लोगों पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडों से मारपीट के साथ हवाई फायरिंग भी की। इसमें महिलाओं समेत चार लोग घायल हो गए। बीएसएफ जवान ने भाग कर खुद को बचाया। बीएसएफ जवान की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।  
विज्ञापन


ग्राम पंचायत उनवा संतोषपुर के मजरा उनवा निवासी प्रेम सिंह (58) पुत्र रामदास सोमवार को जानवर चराने खेतों पर गए थे। उनके साथ परिवार का एक बालक भी था। सोमवार शाम करीब चार बजे प्यास लगने पर प्रेम सिंह बालक के साथ नगला मांधाता निवासी एक यादव के ट्यूबवेल पर पानी पीने चले गए। आरोप है कि ट्यूबवेल मालिक ने कहा कि लोकसभा चुनाव में गठबंधन को वोट नहीं दिया और पानी हमारे ट्यूबवेल पर पी रहे हो। ट्यूबवेल मालिक ने प्रेमसिंह व बालक के साथ मारपीट कर दी। प्रेमसिंह ने इसकी शिकायत थाने पर दी लेकिन पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया।

प्रेमसिंह का भतीजा बीएसएफ जवान रिंकू उर्फ फौजी पुत्र रामनरेश मंगलवार सुबह करीब 8 बजे ट्यूबवेल के पास खेत में भूसा उठाने गया। आरोप है कि यादव बिरादरी के लोगों ने उस पर भी हमला बोल दिया। शोर सुनकर रिंकू के घर के लोग पहुंच गए तो हमलावरों ने उनको भी लाठी-डंडों से पीटा। इतना ही नहीं दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की। पीड़ित पक्ष ने यूपी 100 पर पुलिस को सूचना दे दी। यूपी 100 व चौबिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हमलावरों को करीब दो किलोमीटर तक दौड़ाया लेकिन वे हाथ नहीं आए।
विज्ञापन


मारपीट में प्रेम सिंह की पत्नी सीता देवी, गुलाब सिंह पुत्र लज्जाराम, उनकी पत्नी बीनू देवी, शशि पत्नी सुखबीर सिंह घायल हो गए। रिंकू गांव के करीब 20 लोगों के साथ थाने पहुंचे और नगला मांधाता के कुछ लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। रिंकू ने बताया कि मेरे गांव के बूथ पर गठबंधन प्रत्याशी हार गया है। गठबंधन प्रत्याशी मुलायम सिंह यादव को वोट न देने के कारण यादव लोगों ने मारपीट की है। थानाध्यक्ष चौबिया सतीश चंद्र यादव ने बताया कि मारपीट में कुछ लोग घायल हुए हैं। रिंकू और प्रेमसिंह की ओर से तहरीर मिली है, मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें