सैंफई थाना पुलिस ने दुमीला गांव के पास घेराबंदी कर सफारी से आ रहे दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। मौका पाकर उनके तीन साथी भाग निकले। पकड़े गए बदमाशों के पास से दो तमंचा व कारतूस बरामद हुए हैं।
पकड़ी गई सफारी कार भी चोरी की है। पुलिस ने बताया कि ये उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चला रहे थे। एसओ सैफई रमेश चंद्र यादव मंगलवार की शाम को अपने हमराह फोर्स के साथ गश्त पर थे तभी मुखबिर ने सूचना दी कि सफारी कार में सवार कुछ युवक गांव दुमेला के पास मौजूद है ।
इस पर पर उन्होंने बताए गए स्थान की घेराबंदी कर ली। पुलिस की भनक लगते ही कार में सवार युवक भागने लगे। पुलिस ने दौड़ा कर दो युवकों को धर दबोचा जबकि तीन युवक भाग गए। पकड़े गए युवकों के नाम अमित चौहान पुत्र जोगराज सिंह निवासी करपिया थाना बेबर व अरुण यादव उर्फ पिंटू निवासी एहलादपुर थाना करहल हैं।
पुलिस को उनके पास से दो तमंचा व कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में वे कार के कागजात भी नहीं दिखा पाए। उस पर इलाहाबाद का नंबर था। पूछताछ में पता चला कि गाड़ी चोरी की है।
एसओ रमेश चंद्र ने बताया कि पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि कार कहां से चोरी की गई है। उन्होंने बताया कि भागे युवकों के नाम राहुल, अंकित व अजय उर्फ छोटू हैं। पुलिस इनकी तलाश कर रही है।