एक्सप्रेस वे पर हादसे के बाद कार और डीसीएम
- फोटो : amar ujala
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर चौबिया थाना क्षेत्र के गांव नगला सबी के पास टायर फटने से पलटी डीसीएम से तेजी से आ रही दो कारें टकरा गईं। कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। वहीं डीसीएम के चालक और हेल्पर भी घायल हैं। घायलों का इलाज सैफई पीजीआई में जारी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इधर, हादसे के बाद यातायात भी कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा।
डीसीएम चालक धार, खलधार (मप्र) निवासी संजय कुमार पुत्र गुहाराम, हेल्पर खरगौर, आशापुर (मप्र) निवासी कंदन चौहान पुत्र बलबंत चौहान के साथ मिर्च लादकर आगरा से लखनऊ जा रहा था। गुरुवार सुबह करीब चार बजे चौबिया थाना क्षेत्र के गांव नगला बसी के पास डीसीएम का टायर फट गया और डीसीएम अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में डीसीएम चालक और हेल्पर घायल हो गए। इसी बीच आगरा की ओर से तेजी से आ रही इंडिका पलटी डीसीएम से जा भिड़ीं।
बताया गया है कि मधुवनी बिहार निवासी चंद्रशेखर दिल्ली एम्स में भर्ती अपने रिश्तेदार को देखने के लिए अपने पुत्र राजेश यादव (30), राजीव यादव के अलावा मनीष पुत्र विनोद यादव, सुरेंद्र (32) पुत्र देव नारायण व बेचराम (35) पुत्र बजरंगी निवासी बेलहा मधुवनी के साथ इंडिका कार से गए थे। मरीज को देखने के बाद वे लोग लौट रहे थे तभी हादसा हो गया। इस हादसे में राजेश, सुरेंद्र यादव व बेचराम की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए। इस हादसे के बाद एक्सयूवी कार से आ रहे विकास पुत्र ओमेंश्वर, सुनील पुत्र कामेश्वर व टिकू पुत्र दिलीप निवासी नालंदा बिहार भी हादसे का शिकार हो गए। कारों में फंसे लोगों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला गया। सूचना पर चौबिया एसओ सतीश यादव मय फोर्स के मौके पर पहुंचे घायलों को सैफई पीजीआई भिजवाया। बाद में एसओ चौबिया ने क्रेन मंगवाकर रोड पर पड़ी डीसीएम व कारों को हटवाकर रास्ता साफ कराया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।