जसवंतनगर थाना क्षेत्र के तहत हाइवे पर धौलपुर खेड़ा के पास दो बाइकों पर सवार होकर आए आधा दर्जन हथियार बंद लुटेरों ने ट्राला ड्राइवर के साथ मारपीट की। लुटेरों ने तमंचे की वट से सिर पर हमला कर उसे घायल कर दिया।
फिर बदमाश उसके पास से साढ़े 11 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस को लुटेरों का कोई सुराग नहीं लगा है। लखनऊ में एक कंपनी की कारों को उतारने के बाद एक ट्राला वापस लौट रहा था। बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे ट्राला जसवंतनगर क्षेत्र के हाइवे पर पहुंचा।
इसी बीच ड्राइवर अजीत पंडित पुत्र कारू पंडित निवासी गांव गोपालजी थाना जयनगर जिला कोडरमा (झारखंड) के मोबाइल पर काल आ गई। फोन रिसीव करने के लिए ड्राइवर ने गांव धौलपुर खेड़ा के पास ट्राला को रोड किनारे खड़ा कर लिया। वह नीचे उतरकर बातचीत कर रहा था तभी दो काली पल्सर पर सवार आधा दर्जन हथियारबंद लुटेरे वहां पहुंच गए।
उन्होंने उससे पता पूछा और फिर उस पर हमला बोल दिया। तमंचे की बटों के प्रहार से वह लहूलुहान हो गया। इसके बाद बदमाशों ने उसकी जेब में रखे 11,500 रुपये, मोबाइल लूट लिया और फरार हो गए। लूट की जानकारी होने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सूचना पुलिस केे दी।
क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर विनय सिंह चौहान तथा धरवार चौकी इंचार्ज सुरेश प्रजापति मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित अजीत पंडित से लूट के संबंध में जानकारी ली और उसे साथ लेकर संभावित ठिकानों पर जाकर लुटेरों की खोजबीन भी की लेकिन पुलिस को उनका कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
सीओ विनय सिंह चौहान ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।