भरेह व चकरनगर थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान गांव निभी के पास से मुठभेड़ के बाद तीन लुटेरों को धर दबोचा। उनके पास से लूट व चोरी की तीन बाइकें, मोबाइल, नकदी व भारी मात्रा में असलाह बरामद हुए हैं।
इनमें एक बाइक डाक्टर हंसराज से लूटी गई थी। पुलिस टीम की सफलता पर एएसपी ने उन्हें पांच हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की। पुलिस लाइन में पकड़े गए लुटेरों को पत्रकारों के सामने पेश करते हुए एएसपी सर्वानंद सिंह यादव ने बताया कि क्षेत्र में हुई लूट की वारदात के खुलासे के लिए भरेह थाना पुलिस को निर्देश दिए गए थे।
शुक्रवार की शाम एसओ भरेह संजय कुमार गुप्ता व एसओ चकरनगर संजय यादव अपनी टीम के साथ अपराधियों की तलाश में थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि लुटेरे चोरी की बाइकों को बेचने के लिए निभी तिराहा पर आने वाले हैं। इस पर पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी। इसी बीच तीन बाइकों पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए।
पुलिस ने जब उन्हें रोका तो उन्होंने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आवश्यक बल प्रयोग करते हुए तीनों को दबोच लिया।
पकड़े गए लुटेरों में रजनीश उर्फ छोटू उर्फ पंछी पुत्र सुघर सिंह निवासी बाबरपुर, शिव शंकर उर्फ टिंकू पुत्र हरीबाबू निवासी लक्ष्मण की मड़ैया भीखेपुर जनपद औरैया व सोराव उर्फ सलीम पुत्र अलादीन निवासी दुर्गा नगर भिंड़ हाल पता गढा कास्दा थाना भरेह हैं।
पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे संगठित गिरोह बनाकर इटावा व औरैया जनपद में लूट की वारदातों को अंजाम देते हैं। उन्होंने पांच मई को डा हंसराज के साथ लूट की घटना की बात भी स्वीकारी।
उन्होंने लूटे गए 2200 रुपये भी बरामद कराए। एएसपी ने बताया कि इस गैंग का सरगना छोटू है। इनका एक साथी सुनील अपहरण के एक मामले में जेल में है।