जसवंतनगर के ग्राम प्रतापपुरा में हुई चोरी के बाद का दृश्य।
- फोटो : amar ujala
नगर से सटे गांव में स्कूल प्रबंधक व किसान के घरों में लाखों की चोरी होने से दहशत फैल गई। वारदात के वक्त दोनों ही परिवार घर के अंदर सो रहे थे और उनको चोरों की भनक तक नहीं लगी। सोमवार सुबह नींद खुलने पर पीड़ित परिवार के होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना के बाद पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज किया।
थाना क्षेत्र के ग्राम प्रतापपुरा निवासी बृजेश कुमार यादव आरएस मेमोरियल पब्लिक स्कूल के प्रबंधक हैं। रविवार को वे परिवार के साथ कमरे में सो रहे थे। देर रात छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने मकान की पहली मंजिल में बने स्टोर रूम के दरवाजे के ताले काटे। उसमें रखी अलमारी और संदूकों के लाकर के ताले खोलकर वहां से एक लाख बीस हजार की नगदी और ढाई लाख के जेवर व चांदी के 80 सिक्के, कीमती कपड़े व लैपटॉप आदि लगभग चार लाख का सामान चोरी कर लिए और भाग गए।
इसके बाद इसी गांव के निवासी किसान रामचंद्र के घर पर धावा बोला चोरों ने 85 हजार की नगदी व सोने चांदी के आभूषणों सहित तीन लाख का सामान चोरी कर लिया। रामचंद्र के घर में 27 फरवरी को शादी है। इसके लिए घर में सामान व जेवरात आदि एकत्र कर रखे गए थे। जिसे चोर चुरा ले गए हैं। चोरों ने इन घरों में कुंडे तोड़ दिए और प्रवेश कर गए। पीड़ितों ने सुबह जागने पर घर को देखा तो स्टोर रूम खुला और अलमारियों का सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटना को बारीकी से जांच की। पीड़ितों ने थाने में आकर अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। बाद में पता चला है कि चोर आसपास के खेतों में कपड़े, तौलिया फेंक गए हैं। इस घटना से गांव के लोगों में दहशत है।