कड़ाके की ठंड में चोरों की पौ बारह है। चोरों ने
भरथना कस्बे के दो मकानों से लाखों रुपये का माल पार कर दिया। भीषण ठंड में
परिजन गर्म कपड़े में लिपटे रहे, उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी।
सुबह
जब सामान बिखरा देखा तो चोरी की जानकारी हुई। सूचना मिलने पर पुलिस जांच
पड़ताल करने पहुंची लेकिन चोरों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
शुक्रवार
की रात चोरों ने मोहल्ला कल्याणनगर निवासी रामनरायण पुत्र जगत सिंह के
मकान को निशाना बनाया। चोर मेनगेट का ताला तोड़कर घर में घुस गए।
चोरों ने
कमरे में रखी अलमारी और बक्सों का ताला तोड़कर उसमें रखे जेवर और नकदी सहित
अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। सुबह जागने पर जब परिजनों ने सामान बिखरा
पड़ा देखा तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। रामनारायण ने बताया कि चोर मेन
गेट का ताला तोड़कर दूसरी मंजिल में घुस गए, जबकि परिजन नीचे की मंजिल में
अपने-अपने कमरों में सो रहे थे।
बताया कि चोर एक सोने का हार, चार सोने की
चूड़ियां, 500 ग्राम चांदी का सामान सहित अलमारी में रखे 35 हजार रुपये ले
गए। चोरी हुए सामान की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये आंकी है।
चोरी की
दूसरी वारदात संजय गांधी मार्ग पर स्थित असलम खां पुत्र मुहम्मद अहमद खां
के घर में हुई। गृहस्वामी मध्य प्रदेश के भिंड जिले में मजदूरी करता है। घर
में बुजुर्ग मां जमीला बेगम अकेली रहती है। शुक्रवार की रात चोर छत से
जीने के रास्ते मकान में घुस गए।
कमरों के ताले तोड़कर चोरों ने अलमारी और
बक्सों के लॉक तोड़ दिए। सुबह जब जमीला बेगम जागी तो कमरों में सामान बिखरा
पड़ा देखा।
बताया कि चोर एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी सोने की झुमकी, एक
सोने का टीका, 250 ग्राम चांदी की पायलें व 5000 रुपये सहित अन्य सामान
चुरा कर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत सवा लाख रुपये के आसपास बताई है।
गृहस्वामियों ने पुलिस को तहरीर दी है।