ऊसराहार (इटावा)। चौबिया थाना क्षेत्र के कांकरपुर राहिन गांव निवासी औसान सिंह यादव (35) की हत्या कर उसका शव एक्सप्रेस वे पर फेंक दिया गया। हत्यारों ने घटना को एक्सीडेंट का रूप देने के लिए शव पर वैन चढ़ाया। इसके बाद भाग निकले। मौके पर मिले आधार कार्ड से पुलिस ने उसकी शिनाख्त की और परिजनों को सूचना दी। मृतक के भाई ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर उसराहर थाना क्षेत्र के केशवपुर एवं कठोतिया गांव के बीच शुक्रवार तड़के एक वैन आकर रुकी। वैन सवारों ने एक्सप्रेस वे युवक का शव फेंका। घटना को एक्सीडेंट का रूप देने के लिए उसे वैन से रौंद दिया और आगरा की ओर भाग निकले। कुछ देर बाद उधर से गुजरी पीवीआर वाहन ने एक्सप्रेस वे पर शव देख ऊसराहार पुलिस को सूचना दी।
तड़के करीब चार बजे एसओ देव प्रकाश रावत फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर आधार कार्ड एवं एटीएम एवं तीन चप्पल पड़ी मिलीं। युवक के गले में गमछे का फंदा भी लगा था। आशंका है कि गला कस कर उसकी हत्या की गई। फिर एक्सीडेंट का रूप देने के लिए एक्सप्रेस वे पर फेंका गया और उसके ऊपर वैन चढ़ाई गई।
मौके पर मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान चौबिया थाना क्षेत्र के कांकरपुर राहिन निवासी औसान सिंह यादव (35)के रूप में हुई। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों की दी गई। कुछ देर बाद औसान सिंह का भाई सुखवीर सिंह यादव अन्य परिजनों भी मौके पर पहुंच गए।
सुखवीर सिंह ने बताया उसका भाई गुरुवार शाम निमंत्रण में जाने की बात कह कर घर से निकला था। एसओ ने बताया कि सुखवीर सिंह ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कराया। एएसपी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने भी मौका मुआयना किया और मृतक के परिजनों से पूछताछ की।
एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा के नहीं हैं पुख्ता इंतजाम
ऊसराहार (ब्यूरो)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर युवक की हत्या कर शव फेके जाने से इलाके में दहशत का माहौल हा। इससे पहले भी एक्सप्रेस वे पर शव मिल चुके हैं। इसके बावजूद एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा के इंतजान नहीं किए जा रहे हैं।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर युवक की हत्या कर ऊसराहार थाना क्षेत्र में शव को फेंकने का यह दूसरा मामला है। तीन माह पहले इसी एक्सप्रेस-वे पर खरुगुआ के पास एक गाड़ी पर सवार युवकों ने एक युवक की हत्या कर शव को सड़क के किनारे फेंक कर आग लगा दी थी। इस मामले में आज तक उस युवक की पहचान नहीं हो पाई। दूसरी घटना शुक्रवार को हो गई। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का ऊसराहार थाना क्षेत्र में लगभग 15 किलोमीटर का हिस्सा पड़ता है। ताखा क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे पर कोई कट न होने के कारण लुटेरे और हत्यारे इसका फायदा उठाते हैं। रात में पूरा मार्ग सुनसान हो जाता है। जिससे हत्यारे एवं लुटेरे घटना को इसी क्षेत्र में अंजाम देकर आराम से फरार हो जाते हैं। क्योंकि ऊसराहार पुलिस को एक्सप्रेस वे पर जाना है तो पहले चौपला जाना होगा चौपला से वापस 20 किलोमीटर आने पर ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंच सकती है। शायद इसी का फायदा लुटेरे और हत्यारे उठाते हैं। वहीं थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे पर चढ़ने का कोई साधन ना होने के कारण ऊसराहार पुलिस भी असहाय नजर आती है।
हत्या करने के बाद शव ठिकाने लगाया
माना जा रहा है कि चौबिया थाना क्षेत्र के कांकरपुर राहिन निवासी औसान सिंह यादव (35)की हत्या कहीं और की गई। इसके बाद शव को एक्सप्रेस वे पर फेंक कर उसे रौंदा गया। सुबह खेत की ओर से निकले कुछ ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी कि सुबह वैन आगरा की ओर से आई थी। चालक ने गाड़ी को दूसरी साइड मोड़ दिया और केशवपुर गांव के पास औसान सिंह को सड़क पर फेंक कर उसे वैन सवारों ने रौंद दिया। घटनास्थल पर पहुंचे एएसपी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव एवं सीओ भरथना विकास जायसवाल ने मृतक के भाई सुखवीर सिंह से पूरे मामले की जानकारी ली।