होमगंज बाजार स्थित किराना दुकान में पड़ताल करती पुलिस। अमर उजाला
- फोटो : amar ujala
जसवंतनगर। कस्बे के होमगंज बाजार में किराना की दो दुकानों से चोर करीब दो लाख का सामान व नगदी ले गए। महीने भर में कस्बा क्षेत्र में चोरी की आठ वारदातें हो चुकी हैं। व्यापार मंडल ने चोरी घटनाओं पर अंकुश न लगने पर रोष जताया है।
गत शनिवार रात होमगंज बाजार की इन तीन मंजिला दोनों दुकानों पर चोर अगल बगल की दुकानों के सहारे पहुंचे। इसके बाद कस्बे के जैन मोहल्ला निवासी सुनील जैन पुत्र बिधीचंद्र जैन की किराना दुकान को निशाना बनाया। तीसरी मंजिल पर लगे चैनल और उसके पीछे लोहे के दरवाजे के चार ताले तोड़कर चोर नीचे आए। दुकान में रखे काजू, बादाम व कॉस्मेटिक आइटमों के गत्तों को ले गए। चोर यहां से करीब एक लाख रुपये से अधिक का सामान ले गए।
इसके बाद चोरों ने कटरापुख्ता निवासी मुकेश कुमार पुत्र मथुरा प्रसाद की किराना दुकान के तीसरी मंजिल के गेट का ताला तोड़ा। नीचे आकर दुकान से किराने का सामान व गोलक में रखे करीब 15 हजार रुपये ले गए। कस्बे में ये दोनों बड़े किराना स्टोर हैं। लिहाजा सुरक्षा की दृष्टि से दुकानदारों ने चैनल व लोहे के दरवाजे लगाए थे। लेकिन, चोरों ने ताले तोड़कर करीब दो लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया।
दुकानदारों ने बताया कि होमगंज बाजार में दुकानों की छतें आपस में मिली हुईं हैं। चोर आसपास की किसी एक मंजिला दुकान पर चढ़े होंगे। उसके बाद वह उनकी तीसरी मंजिल तक पहुंचे। जहां से नीचे आकर दुकानों में वारदात की। रविवार सुबह जब उन्होंने दुकानें खोलीं, तब चोरी होने का पता चला और पुलिस को सूचना दी। इस सूचना पर एसआई चिंतन कुमार व बनवारी लाल मौके पर पहुंचे। सुनील जैन ने 1.19 लाख रुपये व मुकेश ने 80 हजार रुपये का सामान व नगदी चोरी होने की तहरीर दी है। थाना के प्रभारी निरीक्षक जेपी पाल ने बताया कि अभी तक कस्बे में कोई गैंग सक्रिय नहीं रहा है। लेकिन चोरी की वारदातों से लग रहा है कि कोई गैंग इन वारदातों को अंजाम दे रहा है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।