शहर के मोहल्ला अशोकनगर में युवती की हत्या के मामले पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। युवती की हत्या की सूचना मिलने के बाद गुरुवार को इटावा पहुंचे उसके परिजनों ने बताया कि सीमा 15 दिन के बाद अपनी मां तथा बहनों को फोन किया करती थी, लेकिन उसने यह कभी नहीं बताया कि वह इटावा में रह रही है।
वह हमेशा हरिद्वार में रहने की बात कहा करती थी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर वह परिजनों से असलियत क्यों छुपाती रही। हालांकि परिजनों ने उसके कथित मामा के साथ संबंध होने की बात स्वीकार की है।
सीमा की हत्या के बाद इटावा आई उसकी मां जानकी देवी, बहन मीना तथा सोमवती ने बताया कि उसने तीन साल पहले परिजनों की मर्जी के बगैर रिश्ते के जीजा राजकुमार से शादी कर ली थी। कोर्ट मैरिज करने के बाद वह अहमदाबाद में रहने लगी। साल भर के बाद ही राजकुमार के साथ उसका विवाद हो गया।
इसके बाद वह अलग रहने लगी। उसने परिजनों की मर्जी के खिलाफ शादी करने से उन्होंने रिश्ता तोड़ लिया था। मां जानकी ने बताया कि वह फोन पर हरिद्वार में रहने की बात कहा करती थी। फरवरी माह में वह बांदा भी गई थी, लेकिन वह घर पर नहीं गई थी। पास के कस्बे में उसने मां को बुला लिया था।
मां से मिलने के बाद वह लौट आई थी। उसने अपनी बहनों से भी इटावा में रहने की बात छुपा रखी थी। उन्होंने बताया कि सीमा के दूर के मामा हरिशंकर के साथ रहने की जानकारी मिली थी। उन्होंने आशंका जताई है कि सीमा की हत्या हरीशंकर ने ही की है।
परिजनों का कहना है कि आखिर वह इटावा में रहने की बात सभी से क्यों छिपाए हुए थी इसकी तह में जाने की जरूरत है। चौकी प्रभारी अजहर अली ने बताया कि मृतका सीमा के परिजन इटावा आ गए है। उन्होंने हरीश्ंाकर पर ही शक जाहिर किया है। लेकिन उन्होंने अभी तक किसी प्रकार की कोई तहरीर नहीं दी है।
परिजनों का तो यहां तक कहना है कि उन्हें सीमा के इटावा में रहने की जानकारी नहीं थी। हत्या के बाद पुलिस के द्वारा ही उन्हें जानकारी मिली कि सीमा इटावा में ही रह रही है। बताया कि पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। रेप की पुष्टि के लिए स्लाइड बनवाई जा रही है।