ऊसराहार में लोहिया पथ पर बाइक सवार लुटेरों ने दिनदहाड़े दो दंपतियों को लूट लिया। दुस्साहसी लुटेरों ने एक बाइक पर सवार महिला को चोटी खींचकर नीचे गिरा दिया फिर तमंचे के बल पर कुंडल लूट लिए। इस बीच वहां से गुजर रहे दूसरे दंपति को भी रोका और पीटते हुए लूटपाट की।
सैफई-कन्नौज लोहिया पथ पर रविवाद की दोपहर करीब तीन बजे सरसईनावर और ऊसराहार के बीच पल्सर पर सवार तीन लुटेरों ने बाइक से पत्नी नीरू के साथ जा रहे कल्लू निवासी लहरोही थाना बसरेहर को निशाना बनाया। दंपति क्षेत्र के रमपुरा गांव से लौट रहे थे।
जैसे ही वह लोहिया पथ पर रुद्रपुर चौराहा के आगे बाबा की शाला के पास पहुंचे कि पीछे से आए लुटेरों ने कल्लू की पत्नी नीरू की चोटी पकड़कर बाइक से नीचे गिरा दिया। विरोध करने पर लुटेरों ने तमंचा निकाल लिया और दंपति को पीटते हुए लूटपाट की।
इसी बीच वहां से लाखन सिंह निवासी तरीन थाना एरवाकटरा पत्नी ब्रह्मादेवी और बेटे धर्मेंद्र शाक्य के साथ निकले तो लुटेरों ने उन्हें भी रोक लिया। लुटेरों ने बाइक पर बैठी ब्रह्मादेवी के कानों से कुंडल लूट लिए। लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरों ने दोनों बाइक की चाबियां खींच ली और तमंचा लहराते हुए फरार हो गए।
थोड़ी देर बाद वहां से गुजर रहे ताखा के जिला पंचायत सदस्य बादशाह यादव ने गाड़ी रोक कर दपंतियों से वारदात की जानकारी ली। जिला पंचायत सदस्य की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। लुटेरों की शिकार कल्लू की पत्नी नीरू ने पुलिस को बताया कि तीनों युवकों के पास तमंचा था।
लुटेरे उसके कानों से सोने की झुमकी, गले से जंजीर, अंगूठी, पायल और करधनी लूट ले गए। कल्लू के पास से लुटेरे सोने की अंगूठी व पर्स में रखे पांच हजार रुपये और मोबाइल लूट ले गए।