गाजीपुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम को दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे सर्राफ का गहनों से भरा बैग लूट लिया गया। घटना को अंजाम पहली बार ऐसे अंदाज से दिया गया है, जिसे सुनकर पुलिस भी हैरान हो गई है।
सर्राफ के मोबाइल पर लुटेरों ने फोन किया और उसे अपना निशाना बनाया है।थाना क्षेत्र के खंसेनपुर गांव निवासी भोला सोनी की चकसकरन में सर्राफे की दुकान है।
वह शाम को दुकान बंद करके वापस बाइक से घर जा रहा था। गांव से आधा किमी पहले बड़ागांव मछरिया के पास पहुंचा था, तभी उसके मोबाइल की घंटी बजने लगी। उसने बाइक रोक दी और मोबाइल रिसीव करने लगा।
तभी चेहरे को मफलर से ढक कर आये बाइक सवार बदमाशों ने सर्राफ की कमर में तमंचा सटाकर जेवरातों से भरा बैग लूट लिया। बदमाशों ने सर्राफ को कुछ दूर तक दौड़ाया।
बाद में सर्राफ की बाइक से चाबी निकाल ली और फरार हो गये। पीड़ित ने तहरीर में बताया है कि बैग में सौ ग्राम सोना, दो किलो चांदी के जेवरात थे, जो लगभग साढ़े तीन लाख रुपये की कीमत के होते हैं।
हालांकि एसओ शिवमंगल सिंह का कहना है कि मामला संदिग्ध लग रहा है। सर्राफ के पास जेब में दस हजार रुपये थे, जिसे बदमाशों ने नहीं लूटा है। पूछताछ पर तो लूट का ब्यौरा एक लाख रुपये तक ही आ सका है।
टेंपो चालक से हजारों की लूट
अमौली(बिंदकी)। चांदपुर थाना क्षेत्र के केवलापुर गांव के पास अमौली से बरीपाल जा रहे टेंपो चालक दिनेश की गाड़ी रोकवाकर मानेपुर निवासी सैला, लल्लन आदि ने तंमचा लगाकर उसके पास से 6500 रुपये नगदी छीन लिया।
गाड़ी में बैठे बरीपाल निवासी इंद्रपाल, जसवंत ने लूटपाट कर रहे लोगों का विरोध किया तो उनको भी तंमचे की बटों से मार पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है।
थानाध्यक्ष अंगद प्रताप सिंह ने बताया कि मामला लूटपाट का नहीं बल्कि किराये के विवाद में मारपीट का है, जांचोपरांत कार्रवाई की जाएगी।