नगला कढ़ौरी-फूटाताल के बीच उदी-चकरनगर मार्ग पर मंगलवार देर रात को बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचा लगाकर बाइक सवार किसान और उसकी पत्नी से लूटपाट की और हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। दंपति रिश्तेदार के शादी समारोह से लौट रहे थे।
थाना चकरनगर के मानपुर बधा में रहने वाले पहलवान सिंह की पुत्री राधा व दामाद अपनी रिश्तेदारी में रुझिया थाना चकरनगर निमंत्रण खाने गए। जब उधर से वापस आ रहे थे। तभी कढोरी के नगला एवं फूटाताल के बीच पल्सर सवार तीन बदमाशों ने तमंचे पर दंपति को रोक लिया। मारपीट करते हुए दोनों से 30 हजार रुपये व जेवरात लूट लिए। लूटकर लुटेरे चकरनगर की तरफ हवाई फायर करते हुए चले गए। पीड़ित दंपति ने घटना की जानकारी घरवालों को दी। तब जाकर गांव के एक समाजसेवी व परिवार के लोगों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
राधा ने बताया कि लुटेरों ने उसकी डेढ़ तोला सोने की जंजीर और कुंडल उतरा लिए। साथ ही दोनों की पर्स ले ली। छीनाझपटी में एक लुटेरे ने पति की कनपटी में तमंचा रखकर जान से मारने की धमकी दी। उन लुटेरों का हुलिया भी राधा ने पुलिस को बताया। इस मामले में थाना प्रभारी चकरनगर इंस्पेक्टर आलोक राय का कहना है कि पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज कर लुटेरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।