सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत कृषि इंजीनियरिंग कालेज के पास रिक्शा सवार तीन लोगाें को कार सवार लुटेरों ने तमंचे के बल पर लूट लिया। लुटेरे मारपीट कर तीनों के पास से जेवर, नगदी और मोबाइल लूट ले गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत आरटीओ कार्यालय के समीप कांशीराम कालोनी निवासी शाहरुख पुत्र साबिर की पत्नी मीना की शनिवार रात तबियत खराब हो गई थी। उसे दिखाने के लिए वह मां सीमा के साथ जिला अस्पताल आया था। रात करीब एक बजे तीनों रिक्शे से घर लौट रहे थे। इंजीनियरिंग कालेज के पास टाटा सूमो सवार लुटेरों ने उनका रिक्शा रोेक लिया। कार से उतरे लुटेरों ने शाहरुख के सीने पर तमंचा लगा मारपीट शुरू कर दी। लुटेरों ने उसकी पत्नी व मां के साथ मारपीट कर नगदी और जेवर लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे कार लेकर भाग गए। शाहरुख ने इसकी जानकारी सिविल लाइन पुलिस को दी। शाहरुख ने बताया कि लुटेरे उनकी मां के पास से बाली, दो टॉप्स और पांच हजार रुपये, पत्नी के पास से मंगल सूत्र और उससे दस हजार रुपये और मोबाइल लूट ले गए। पुलिस ने लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।