बसरेहर। चौबिया थाना क्षेत्र के गांव ऊनवा संतोषपुर में स्थित एक मंदिर में बुधवार शाम गांव के दबंगों ने पुजारी के साथ मारपीट की। पुजारी ने विरोध किया तो दबंगों ने मंदिर में तोड़-फोड़ की। जिसमें मंदिर की पटिया टूट गई। पुजारी ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव ऊनवा संतोषपुर में जाहरवीर महाराज का मंदिर है। बुधवार को पुजारी मुन्ना गिरी मंदिर में थे। गांव के कुछ दबंग वहां शराब पीकर पहुंचे और नशे में धुत होकर पुजारी से गालीगलौज करने लगे।
पुजारी ने गाली देने से मना किया तो दबंगों ने पुजारी से मारपीट शुरू कर दी। बाद में दबंगों ने मंदिर में तोड़फोड़ करते हुए पुजारी को जान से मारने की धमकी दी।
पुजारी मुन्ना गिरी ने आरोप लगाया कि कुछ दिनों पूर्व मंदिर पर भागवत का आयोजन किया गया था जिसमें भंडारे के दिन भी दबंगाें ने मारपीट, तोड़-फोड़ कर लूटपाट भी की थी।