महिला को पकड़कर ले जाती महिला सिपाही
- फोटो : अमर उजाला
चौबिया थाना क्षेत्र के मौजा सरसईहेलू में चार भाइयों ने पट्टे की दो बीघा जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने एसडीएम से की। अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ निरीक्षण कर ग्रामीणों को पट्टे बंटवाए। वहीं गांव की महिलाओं ने हंगामा किया। लात-घूसे व चप्पलें भी चलीं। जिसमें चार लोगों को हिरासत में लिया गया है।
चौबिया थाना क्षेत्र के ग्राम बलपुरा के मौजा सरसईहेलू निवासी श्याम, रामबाबू, छोटेलाल, रिंकू पुत्रगण अकबर सिंह ने ग्रामीणों के पट्टे की जमीन पर कब्जा कर रखा था। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने अधिकारियों से की थी। सोमवार को एसडीएम सदर सुभाषचंद्र प्रजापति के साथ सीओ सैफई अंजनी चतुर्वेदी, तहसीलदार पवन पाठक, एसओ चौबिया इंद्रपाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रधान से ग्रामीणों में पट्टे बांटने के निर्देश दिए।
वहीं पट्टे ग्रामीणों में बांटने की बात सुनकर कब्जा करने वाले चारों भाइयों के घरों की महिलाएं गांव में हंगामा करने लगीं। जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। हंगामा कर रही महिलाओं ने लात-घूसोें व चप्पलों से मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच कुछ लोगों द्वारा पथराव भी किया गया। विवाद बढ़ता देख पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए पथराव करते चार लोगों को हिरासत में ले लिया। मामला शांत होने पर अधिकारियों की मौजूदगी में ग्राम प्रधान ने 18 ग्रामीणों को दो बीघा जमीन के पट्टे बांट दिए।